700 मिट्रिक टन से अधिक आलू नहीं जायेगा राज्य के बाहर
कोलकाता: 700 मिट्रिक टन से अधिक आलू राज्य के बाहर नहीं जायेगा. साथ ही राज्य में 14 रुपये प्रति किलो आलू बेचनेवाले विक्रेताओं को सरकार सब्सिडी देगी. आलू की कीमत को लेकर नवान्न में शनिवार को हुई बैठक में मुख्य सचिव संजय मित्र ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आलू को लेकर चिंता करने […]
कोलकाता: 700 मिट्रिक टन से अधिक आलू राज्य के बाहर नहीं जायेगा. साथ ही राज्य में 14 रुपये प्रति किलो आलू बेचनेवाले विक्रेताओं को सरकार सब्सिडी देगी.
आलू की कीमत को लेकर नवान्न में शनिवार को हुई बैठक में मुख्य सचिव संजय मित्र ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आलू को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है. राज्य में आलू की किल्लत फिलहाल नहीं है. अभी 25 लाख मिट्रिक टन आलू सरकार के पास है. इसके अलावा आलू पर सरकार की नजर बनी हुई है, ताकि राज्य से आलू बाहर नहीं जा सके. बैठक में डीजी जीएमपी रेड्डी व परिवहन सचिव आलापन बंद्योपाध्याय भी शामिल थे.
मुख्यमंत्री से मिलेंगे आलू व्यवसायी
आलू की समस्या को दूर करने के लिए अब व्यवसायियों ने सीधे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात करने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री के उत्तर बंगाल के दौरे से लौटते ही आलू व्यवसायी मुख्यमंत्री से मिलेंगे और दूसरे राज्यों में आलू भेजने की मात्र को बढ़ाने की मांग करेंगे. इस संबंध में आलू व्यवसायियों ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मुकुल राय के साथ बैठक की है. बैठक में मुकुल राय ने उनसे हड़ताल वापस लेने की अपील की है. गौरतलब है कि दूसरे राज्यों में भेजे जानेवाले आलू की मात्र को बढ़ाने की मांग करते हुए आलू व्यवसायियों ने एक से तीन सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल करने की धमकी दी थी. हालांकि मुकुल राय ने व्यवसायियों से हड़ताल वापस लेने का आग्रह किया है, लेकिन अब तक व्यवसायियों ने अपना फैसला नहीं सुनाया है. रविवार को आलू व्यवसायियों की समिति आपस में बैठक करेगी और इस बैठक में ही एक से तीन सितंबर तक होनेवाली हड़ताल पर अंतिम निर्णय लिया जायेगा.
आलू की कीमत को लेकर प्रदर्शन
हुगली. आलू की कीमत में बढ़ोतरी के खिलाफ सिंगूर के तापसी मल्लिक कृषक बाजार में भाजपा के सिंगूर मंडल की ओर से प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जिला सचिव सौम्य चटर्जी ने किया. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के दावे गलत हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि बाजारों में 14 रुपये प्रति किलो की दर से आलू की बिक्री हो रही है. हुगली में आलू की उपज सबसे ज्यादा होती है, लेकिन यहां 22 से 24 रुपये प्रति किलो की दर से आलू बिक रहा है. केवल कोलकाता के कुछ बाजारों में 14 रुपये की दर से आलू बेचने से समस्या का समाधान नहीं होगा. उन्होंने चेतावनी दी है कि समस्या के समाधान नहीं होने पर बृहद रूप से आंदोलन चलाया जायेगा. सूत्रों के अनुसार, आसनसोल से आलू लदे 10 ट्रकों को जब्त कर सिंगूर लाया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










