प्रेमिका के सामने पत्नी का ऑफर, 30 लाख दो मेरा पति ले लो

Updated at : 26 Jun 2014 8:37 AM (IST)
विज्ञापन
प्रेमिका के सामने पत्नी का ऑफर, 30 लाख दो मेरा पति ले लो

कोलकाता: महानगर में एक अजीबोगरीब घटना सामने आयी, जब एक पत्नी ने 30 लाख रुपये देने पर पति को हमेशा के लिए छोड़ देने का ऑफर दे दिया. यह ऑफर उसने पति की प्रेमिका को दिया, जो उसके पति से शादी की मांग करते हुए उसके घर पहुंची थी. प्रेमिका का कहना था कि महिला […]

विज्ञापन

कोलकाता: महानगर में एक अजीबोगरीब घटना सामने आयी, जब एक पत्नी ने 30 लाख रुपये देने पर पति को हमेशा के लिए छोड़ देने का ऑफर दे दिया. यह ऑफर उसने पति की प्रेमिका को दिया, जो उसके पति से शादी की मांग करते हुए उसके घर पहुंची थी. प्रेमिका का कहना था कि महिला के पति ने उसके साथ दुष्कर्म किया है, इसीलिए उसे उससे शादी करनी होगी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शादी की मांग कर रही पति की प्रेमिका को उसकी पत्नी ने कहा : ठीक है तुम मेरे पति के साथ जो करना है कर सकती हो. लेकिन उसके पहले तुम्हें मेरी शर्त माननी होगी. हमारे तीन बच्चे हैं, जिनके पालन पोषण के लिए 30 लाख रुपये दे दो और मेरे पति को ले लो.

पत्नी के इस ऑफर से प्रेमिका तिलमिला गयी और हंगामा करने लगी. दोनों महिलाएं आपस में जोर-जोर से झगड़ने लगी. ऐसे में रात के समय शोर-शराबा सुन कर पूरा मोहल्ला मनोज के घर पर जुट गया. मनोज का घर वाटगंज इलाके में है, जहां मंगलवार रात यह हंगामा हो रहा था. इलाके में हंगामा की खबर पा कर वाटगंज थाने के अतिरिक्त प्रभारी मौके पर पहुंच गये. पुलिस को देख कर पीड़िता ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत करने लगी. ऐसे में पुलिस अधिकारी ने पीड़िता को हेस्टिंग्स थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी, जिसके बाद प्रेमिका सीधे थाने पहुंची और सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत दर्ज करा दी. शिकायत पर कार्रवाई करते हुए हेस्टिंग्स थाने की पुलिस ने पीड़िता के प्रेमी मनोज नाथ (28) को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को अदालत ने नौ जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

टैक्सी से ले जाकर गैंगरेप का आरोप
पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात 22 वर्षीया एक युवती हेस्टिंग्स थाने में पहुंची और उसके साथ गैंगरेप होने की शिकायत दर्ज करायी. शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह वाटगंज इलाके के लस्कर लाइन मसजिद के पास रहती है. 22 जून को एक टैक्सी में चार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया. फिर उसे बाबूघाट इलाके में ले जाकर झाड़ियों में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. इसके बाद उसे फिर से उसके घर के पास लाकर छोड़ दिया. चार युवकों में उसने मनोज नाथ के नाम का उल्लेख किया, जिसके बाद पुलिस ने मनोज को गिरफ्तार कर लिया.

सीसीटीवी कैमरे में दिखा कुछ और ही
जांच करने पर हेस्टिंग्स थाने के अधिकारियों ने सड़क पर लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद ली, जहां पीड़िता को आरोपी के साथ झाड़ियों के पीछे जाते देखा गया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक फुटेज को देखने के बाद पीड़िता से फिर से पूछताछ की गयी, जहां उसने सहमति से शारीरिक संबंध बनाने का खुलासा किया. पीड़िता ने बताया कि शादी का आश्वासन देने पर उसने मनोज के साथ शारीरिक संबंध बनाया. इसके बाद से मनोज पहले से शादीशुदा होने की बात कह कर उससे शादी नहीं कर रहा था.

अदालत करेगी मामले पर फैसला
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) पल्लव कांति घोष ने बताया कि पूरे मामले को अदालत के सामने रखा जायेगा, जिसके बाद अदालत के निर्देश पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola