पंचायत के बीच अचानक पहुंचा तेंदुआ... खेतों से घरों तक छाया खौफ, UP के इन गांवों में रातभर लाठी लेकर जाग रहे लोग
तेंदुए के खौफ में ग्रामीण रातभर कर रहे पहरेदारी
UP News: मुरादाबाद के मुरादाबाद में तेंदुओं का आतंक लगातार बढ़ रहा है. ठाकुरद्वारा क्षेत्र के तीन गांवों में बुधवार को तेंदुए की मौजूदगी से हड़कंप मच गया. ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वे रात में लाठी-डंडे लेकर पहरा दे रहे हैं.
UP News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में तेंदुओं का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है. ठाकुरद्वारा क्षेत्र के तीन गांवों में बुधवार को तेंदुए की मौजूदगी से हड़कंप मच गया. बसई का मजरा गांव में मंदिर के सामने पंचायत कर रहे ग्रामीणों के बीच अचानक तेंदुआ पहुंच गया, जिससे भगदड़ मच गई. वहीं, बलिया गांव में तेंदुए के हमले में जान गंवाने वाली विरमो देवी के अंतिम संस्कार के कुछ घंटे बाद तेंदुआ फिर दिखाई दिया. ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के साथ दोनों जगह तेंदुए को खदेड़ा. पाडला गांव में वन विभाग के ड्रोन कैमरे में भी तेंदुआ नजर आया है.
पंचायत के बीच पहुंचा तेंदुआ, ग्रामीणों में भगदड़
बसई का मजरा गांव में ग्रामीण मंदिर के सामने पंचायत लगाकर गांव के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर रहे थे. इसी दौरान अचानक तेंदुआ वहां पहुंच गया. तेंदुए को देखते ही ग्रामीणों में भगदड़ मच गई. हालांकि, ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए लाठी-डंडे उठाए और उसका पीछा किया. शोर मचाने पर तेंदुआ ईख के खेत में घुस गया और कुछ ही देर में आंखों से ओझल हो गया.
महिला की मौत के बाद फिर गांव में दिखा तेंदुआ
मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे खेत पर गईं विरमो देवी पर तेंदुए ने हमला कर दिया था, जिसमें उनकी मौत हो गई. बुधवार को अंतिम संस्कार को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश था. कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लॉक प्रमुख पति डॉ. वीर सिंह सैनी ने ग्रामीणों और पीड़ित परिवार को समझाया, जिसके बाद महिला का अंतिम संस्कार कराया गया. शाम करीब 5:30 बजे तेंदुआ फिर रवि डॉक्टर के मकान के पीछे दिखाई दिया. इसके बाद ग्रामीण लाठियां लेकर पहुंचे और तेंदुए को काफी दूर तक खदेड़ दिया.
ड्रोन कैमरे में भी दिखाई दिया तेंदुआ
कोतवाली क्षेत्र के पाडला गांव में वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से ड्रोन से निगरानी की. इस दौरान जंगल में तेंदुआ घूमता हुआ दिखाई दिया. वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क करते हुए जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी है. पाडला, मधुपुरी, नयागांव बहादुर नगर, लालापुर पीपलसाना, बलिया, मुनीमपुर राई भूड़ और मलकपुर सेमरी समेत कई गांवों में तेंदुए देखे जाने की बात सामने आई है.
दो महिलाओं की मौत, करीब 20 लोग हुए घायल
ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र में तेंदुओं के हमलों से ग्रामीणों में लगातार डर बना हुआ है. अब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 20 लोग तेंदुए के हमलों में घायल बताए जा रहे हैं. इससे पहले लालापुर पीपलसाना में संतोष देवी की भी तेंदुए के हमले में मौत हुई थी. ग्रामीण अब अकेले खेतों में जाने से बच रहे हैं और रात में लाठी-डंडे लेकर गांव की गलियों और घरों के बाहर पहरा दे रहे हैं.
पीड़ित परिवार की मदद को आगे आए जनप्रतिनिधि
विरमो देवी की मौत के बाद पीड़ित परिवार की मदद के लिए जनप्रतिनिधियों ने भी सहायता का भरोसा दिया है. पूर्व विधायक नेता विजय यादव ने परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है. सपा विधायक नवाब जान ने तेरहवीं पर आर्थिक सहायता देने की बात कही है. वहीं, ब्लॉक प्रमुख पति डॉ. वीर सिंह सैनी ने भी परिवार की मदद का भरोसा दिलाया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By खुशबू कुमारी
खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




