आगरा में 11वीं के छात्र को शिक्षिका से हुआ प्यार, पिता की डांट के बाद दोनों ने छोड़ दिया घर, जानिए पूरा मामला
सांकेतिक तस्वीर (AI)
पिता की डांट से परेशान 11वीं के छात्र और उसकी शिक्षिका का रिश्ता गहरा हो गया. दोनों घर से निकल पड़े और मथुरा से बरामद हुए. जानिए इस अनोखे मामले की पूरी पड़ताल.
UP News : ताजनगरी में एक पब्लिक स्कूल के 11वीं कक्षा के छात्र और उसकी शिक्षिका के घर से साथ चले जाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि छात्र की शिक्षिका से दोस्ती हो गई थी और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं. छात्र के घर से निकलने के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी. पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों को मथुरा से बरामद कर लिया. पुलिस के अनुसार, छात्र का मेडिकल कराया जा रहा है. इसके साथ ही उसके बयान दर्ज किए जाएंगे. बयान और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
पिता की डांट से परेशान था छात्र, शिक्षिका से करता था बातचीत
बताया जा रहा है कि छात्र अपने माता-पिता की डांट से परेशान रहता था. वह अपनी परेशानियां शिक्षिका से साझा करने लगा था. इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती हो गई. एक दिन पिता की डांट से नाराज होकर छात्र स्कूल जाने के बजाय शिक्षिका के पास पहुंच गया. इसके बाद दोनों ने कुछ समय के लिए साथ घूमने जाने का फैसला किया.
स्कूटी से निकले, आगरा कैंट से ट्रेन पकड़कर पहुंचे ग्वालियर
जानकारी के मुताबिक, छात्र और शिक्षिका स्कूटी से घर से निकले. दोनों ने अपनी स्कूटी आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर खड़ी की और वहां से ट्रेन पकड़कर ग्वालियर चले गए. ग्वालियर के बाद दोनों बयाना पहुंचे. इसके बाद कैला देवी मंदिर गए और वहां दर्शन किए. दोनों कुछ समय तक साथ घूमते रहे. बाद में वे मथुरा पहुंचे.
परिजनों ने लगाया बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
इधर छात्र के घर नहीं लौटने पर परिवार परेशान हो गया. परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर शिक्षिका पर छात्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने छात्र और शिक्षिका की लोकेशन के आधार पर उनकी तलाश तेज कर दी.
मथुरा से शिक्षिका ने दी जानकारी, दिल्ली में मिला छात्र
बुधवार रात शिक्षिका ने पुलिस को अपने मथुरा में होने की जानकारी दी. वहीं छात्र ने खुद के दिल्ली में होने की बात बताई. इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को बरामद कर थाने पहुंचाया. पुलिस ने छात्र का मेडिकल कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. उसके बयान भी दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई होगी.
परिवार कार्रवाई के पक्ष में नहीं, घर लौटने को तैयार दोनों
थाने पहुंचने के बाद छात्र और शिक्षिका के परिजन भी वहां पहुंच गए. पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवार किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते हैं. छात्र के परिजनों ने शिकायत वापस लेने की बात भी कही है. थाना प्रभारी के अनुसार, छात्र अपने पिता की डांट से परेशान था और शिक्षिका से पढ़ने के दौरान उसकी दोस्ती हो गई थी. इसी वजह से दोनों घर से चले गए थे. फिलहाल दोनों ने अपनी गलती मान ली है और घर वापस जाने के लिए तैयार हैं.
छात्र के बयान के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि छात्र के बयान और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. फिलहाल छात्र का मेडिकल कराया जा रहा है और शिक्षिका पुलिस की निगरानी में है.
Also Read : जिस भाई पर था भरोसा, उसी ने ले ली बहन की जान, रिश्ते की कीमत एक बीघा जमीन से भी कम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




