UP से दिल्ली और बांद्रा का सफर होगा सुहाना,2 नई 'अमृत भारत' एक्सप्रेस मंजूर, देखिए रूट और स्टॉपेज की पूरी लिस्ट
गोरखपुर से दिल्ली और बांद्रा के लिए चलेंगी अमृत भारत एक्सप्रेस
UP News: पूर्वांचल के यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है. गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई के बांद्रा के लिए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को मंजूरी मिल गई है. ये ट्रेनें यात्रा को और सुगम बनाएंगी. जानिए इनका पूरा शेड्यूल और रूट.
UP News: पूर्वांचल के यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा देने की तैयारी की है. गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई के बांद्रा के लिए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी मिल गई है. रेलवे बोर्ड ने दोनों ट्रेनों को फिलहाल सप्ताह में एक दिन चलाने की अनुमति दी है. यात्रियों की मांग बढ़ने पर इनके फेरे बढ़ाए जा सकते हैं. एनई रेलवे प्रशासन ने संचालन की तैयारियां शुरू कर दी हैं.
दोनों ट्रेनों को मिला ट्रेन नंबर
रेलवे बोर्ड के निदेशक कोचिंग संजय आर नीलम ने सोमवार को दोनों ट्रेनों के संचालन की मंजूरी का पत्र जारी किया. गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस 15095/15096 और गोरखपुर-बांद्रा अमृत भारत एक्सप्रेस 15085/15086 नंबर से चलेगी. वर्तमान में बिहार से चलकर गोरखपुर के रास्ते चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है. रेलवे बोर्ड भविष्य में 24 और अमृत भारत ट्रेनें चलाने की तैयारी में है, जिनमें तीन ट्रेनें लखनऊ के रास्ते चलने की संभावना है.
गोरखपुर-बांद्रा ट्रेन का ये रहेगा समय
गोरखपुर से बांद्रा जाने वाली ट्रेन 15085 हर शुक्रवार सुबह 7:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6 बजे बांद्रा पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन 15086 शनिवार रात 9:20 बजे बांद्रा से चलेगी और सोमवार सुबह 6:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. रास्ते में खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर, टुंडला, आगरा फोर्ट, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, मंडी, शामगढ़, रतलाम, बड़ोदरा, सूरत, वलसाड़, वापी, पालघर और बोरीवली स्टेशन पर इसका ठहराव होगा.
गोरखपुर-दिल्ली ट्रेन भी सप्ताह में एक दिन चलेगी
गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस 15095 हर गुरुवार रात 10:45 बजे गोरखपुर से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी. वापसी में 15096 शुक्रवार दोपहर 2 बजे दिल्ली से चलेगी और अगले दिन सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. यह ट्रेन खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद में रुकेगी.
22 कोच की होगी गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत
गोरखपुर से लखनऊ होते हुए प्रयागराज जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को भी जल्द 22 कोच के साथ चलाने की तैयारी है. इसके लिए रेलवे बोर्ड की सहमति मिल चुकी है. छह कोच बढ़ने से करीब 400 अतिरिक्त यात्री सफर कर सकेंगे. नए सेटअप में चार एग्जीक्यूटिव चेयर कार और 18 एसी चेयर कार कोच होंगे, जबकि फिलहाल इसमें दो एग्जीक्यूटिव और 12 एसी चेयर कार कोच हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कोमल अग्रवाल
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










