iPhone के लालच में छात्रा ने गंवाए 18.5 लाख! YouTube वीडियो से शुरू हुआ ठगी का खेल, ऐसे हुआ खुलासा

Updated:
विज्ञापन

iPhone के लालच में छात्रा ने गंवाए 18.5 लाख (AI)

UP News: मुरादाबाद में 16 वर्षीय छात्रा YouTube पर iPhone और रकम दोगुनी करने के झांसे में आकर 18.5 लाख गंवा बैठी. घटना का खुलासा होने के बाद पिता ने साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

विज्ञापन

UP News: मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा साइबर ठगी का शिकार हो गई. YouTube पर रकम दोगुनी करने और iPhone देने का दावा करने वाले वीडियो के झांसे में आकर छात्रा ने अपनी मां और बुआ के बैंक खातों से करीब 18.5 लाख रुपये साइबर ठगों को ट्रांसफर कर दिए. मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के पिता ने साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

799 रुपये से शुरू हुआ ठगी का खेल

पीड़ित छात्रा के पिता दवा कंपनी में सीनियर एमआर हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी नौ जुलाई को मोबाइल पर YouTube देख रही थी. इसी दौरान उसे एक वीडियो मिला, जिसमें 799 रुपये ट्रांसफर करने पर रकम दोगुनी करने और नया iPhone देने का दावा किया गया था.

WhatsApp नंबर पर भेजा फर्जी लिंक

लालच में आकर छात्रा ने आरोपी के बताए QR कोड पर 799 रुपये भेज दिए. इसके बाद छात्रा के WhatsApp नंबर पर एक मैसेज आया और लिंक भेजा गया. यह मैसेज आदित्य शमशेर माला के नाम से भेजा गया था. आरोपी ने प्रोसेसिंग के नाम पर छात्रा से 16,998 रुपये और ट्रांसफर करा लिए. इसके बाद भी न तो रकम वापस मिली और न ही iPhone मिला.

रकम वापस करने का झांसा देकर और पैसे ऐंठे

जब छात्रा ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि पहले भेजी गई पूरी रकम वापस मिल जाएगी. इसके बाद 10 जुलाई से सात अगस्त के बीच अलग-अलग QR कोड के जरिए छात्रा से लगातार रकम ट्रांसफर कराई गई. शिकायत के अनुसार, यह रकम उसकी मां के दो बैंक खातों और बुआ के खाते से भेजी गई. रकम मांगने पर आरोपी ने छात्रा को बताया कि पैसे इंटरनेशनल गेटवे में फंस गए हैं. इसके बाद भी वह उससे और पैसे मांगता रहा. लगातार रकम जाने के बाद छात्रा ने आखिरकार अपने पिता को पूरी घटना बताई. तब परिवार को साइबर ठगी का पता चला.

साइबर थाने ने शुरू की मामले की जांच

मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर अपराध थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है. पुलिस अधीक्षक क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. साइबर थाने की टीम मामले की विवेचना कर रही है. पुलिस ठगी की रकम वापस कराने और आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी जुटा रही है.

ठगी के बाद तनाव में छात्रा, परिवार कर रहा निगरानी

साइबर ठगी के बाद छात्रा काफी परेशान है. परिवार के मुताबिक, उसकी तबीयत कई बार बिगड़ी और उसे डॉक्टर के पास भी ले जाया गया. परिजन उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं. पुलिस अब मामले में इस्तेमाल किए गए खातों, QR कोड और संपर्क माध्यमों की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

Also Read: नोएडा में मेट्रो सफर होगा और आसान! सेक्टर-142 से शुरू होगा काम, जानें किन इलाकों को मिलेगा फायदा


विज्ञापन
खुशबू कुमारी

लेखक के बारे में

By खुशबू कुमारी

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola