मीरजापुर में बेटे के मुंडन का न्योता देने निकला था कमलेश, सुबह खेत में मिली खून से सनी लाश, सिर पर चोट के निशान
खेत में मिले युवक के शव की जांच करती पुलिस टीम
UP News: मीरजापुर के लालगंज में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का खून से लथपथ शव खेत में मिला. कमलेश उर्फ छोटे कोरी अपने बेटे के मुंडन का निमंत्रण देने निकले थे और रात तक घर नहीं लौटे.
UP News: मीरजापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के दुबार कला गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का खून से लथपथ शव गांव के पास खेत में पड़ा मिला. मृतक की पहचान वैसान बस्ती निवासी 37 वर्षीय कमलेश उर्फ छोटे कोरी के रूप में हुई है. कमलेश अपने बेटे के मुंडन संस्कार का निमंत्रण देने सोमवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. सुबह उनका शव मिलने के बाद स्वजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की.
मुंडन का निमंत्रण देने निकले, रात में नहीं लौटे
कमलेश मुंबई में गाड़ी चलाते थे और बेटे के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए करीब छह दिन पहले ही घर आए थे. बेटे का मुंडन शुक्रवार को होना था. सोमवार शाम वह अपने पट्टीदार राम सजीवन को मुंडन का निमंत्रण देने के लिए घर से निकले थे. इसके बाद कमलेश रात में घर वापस नहीं पहुंचे. मंगलवार सुबह गांव के पास खेत में उनका शव मिलने की जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंचे.
सिर पर चोट के निशान, कान से बह रहा था खून
शव मिलने की सूचना मिलते ही दुबार कला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल पुलिस चौकी से करीब 400 मीटर की दूरी पर बताया गया है. कमलेश के सिर पर चोट के निशान मिले और उनके कान से खून बह रहा था. शव की हालत देखकर स्वजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताई और पुलिस के सामने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग रखी. पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए.
अधिकारियों के आश्वासन के बाद पोस्टमार्टम को तैयार हुए परिजन
मामले की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीना, सीओ अमर बहादुर, इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पांडेय और चौकी प्रभारी कुंवर मनोज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्वजन शव को पुलिस को सौंपने से इनकार कर रहे थे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे. एएसपी ऑपरेशन और एसडीएम अजीत कुमार के आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद सुबह 11 बजे परिजन माने. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
एक साल पहले बेटे की भी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी मौत
कमलेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे. स्वजनों के मुताबिक, करीब एक साल पहले उनके पांच वर्षीय बेटे शिवम का शव भी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. उस समय शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था. अब कमलेश की मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल है. घटना के बाद ग्रामीणों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत की वजह तथा घटना से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.
INPUT: ANJALI
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











