इंस्टाग्राम पर जिससे किया था प्यार आज वही बना मौत की वजह, जानिए महिला सिपाही ने क्यूं की आत्महत्या
इटावा में महिला सिपाही की मौत
इटावा में एक महिला सिपाही ने कथित तौर पर पति की प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया. प्रेम विवाह के कुछ समय बाद से ही विवाद शुरू हो गया था. परिजनों की तहरीर पर पति गिरफ्तार.
UP Crime News : इटावा के सैफई थाने में तैनात महिला सिपाही प्रियंका ने कथित तौर पर पति की प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया. गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल और फिर पीजीआई सैफई में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. प्रियंका 2019 बैच की महिला सिपाही थीं और फिलहाल पुलिस लाइन में अपने परिवार के साथ रह रही थीं. मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
इंस्टाग्राम पर हुई थी मुलाकात, तीन साल पहले की थी लव मैरिज
परिजनों के मुताबिक, प्रियंका की पहचान सहारनपुर निवासी रजत से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और करीब तीन साल पहले उन्होंने प्रेम विवाह कर लिया. परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि पति प्रियंका को लगातार डराता-धमकाता था. उसने प्रियंका के सोशल मीडिया अकाउंट भी बंद करवा दिए थे. इसके बाद पैसों और कर्ज को लेकर उस पर दबाव बनाया जाने लगा.
पहले 5 लाख का लोन, फिर 5 से 7 लाख रुपये की मांग
प्रियंका के भाई सौरभ के अनुसार, आरोपी पति ने पहले प्रियंका से करीब 5 लाख रुपये का लोन दिलवाया. इसके बाद दोबारा 5 से 7 लाख रुपये की मांग की जाने लगी. लगातार पैसों की मांग और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर प्रियंका करीब आठ महीने तक अपने मायके में भी रही थी. परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद उसके पति की ओर से दबाव और धमकी का सिलसिला जारी रहा. इसी तनाव के बीच प्रियंका ने जहरीला पदार्थ खा लिया.
इलाज के दौरान हुई मौत
जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिलने के बाद प्रियंका को तत्काल अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई सैफई रेफर किया गया. डॉक्टरों ने इलाज की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. प्रियंका की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. उसकी दो छोटी बेटियां अब मां के साये से महरूम हो गई हैं.
पिता की तहरीर पर पति के खिलाफ मुकदमा
प्रियंका के पिता नाथीराम की तहरीर पर इटावा के सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि महिला आरक्षी द्वारा विषैले पदार्थ का सेवन करने और इलाज के दौरान उसकी मौत होने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
एक महीने में महिला सिपाही की मौत का दूसरा मामला
इटावा पुलिस लाइन में करीब एक महीने के भीतर महिला सिपाही की मौत का यह दूसरा मामला सामने आया है. इस घटना ने पुलिस विभाग और महिला सिपाहियों की सुरक्षा व मानसिक दबाव से जुड़े सवाल भी खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










