शिक्षक बनने का इंतजार खत्म! यूपी में 1625 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ
शिक्षक भर्ती का रास्ता साफ, जल्द शुरू होगी प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है. प्रदेश के 126 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य, शिक्षकों और कर्मचारियों के 1625 नियमित पदों को मंजूरी मिल गई है. इन पदों पर जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है.
UP News: उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है.प्रदेश के 126 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य, शिक्षकों और कर्मचारियों के नियमित पदों को मंजूरी मिल गई है.इन विद्यालयों में कुल 1625 प्रधानाचार्य, प्रवक्ता और सहायक अध्यापक (एलटी) के पद होंगे, जबकि 185 कनिष्ठ सहायक के पद भी सृजित किए गए हैं.
68 इंटर कॉलेज और 58 हाईस्कूल होंगे शामिल
ये पद प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत नवनिर्मित और उच्चीकृत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में सृजित किए गए हैं.इनमें 68 राजकीय इंटर कॉलेज और 58 राजकीय हाईस्कूल शामिल हैं.पदों को मंजूरी मिलने के बाद इन विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों की तैनाती का रास्ता साफ हो गया है.अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक को इस संबंध में समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
59 राजकीय इंटर कॉलेजों में इतने पद
कक्षा 6 से 12 तक संचालित होने वाले 59 राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रत्येक विद्यालय के लिए एक प्रधानाचार्य, 10 प्रवक्ता, सात सहायक अध्यापक (एलटी) और दो कनिष्ठ सहायक के पद स्वीकृत किए गए हैं. इन 59 विद्यालयों में कुल 59 प्रधानाचार्य, 590 प्रवक्ता, 413 सहायक अध्यापक (एलटी) और 118 कनिष्ठ सहायक के पद होंगे. प्रवक्ताओं के पद हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, कंप्यूटर, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान विषयों के लिए होंगे. इनमें 50 फीसदी पद सीधी भर्ती और 50 फीसदी पद पदोन्नति के जरिए भरे जाएंगे.सीधी भर्ती उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के माध्यम से होगी. वहीं सहायक अध्यापक (एलटी) के सभी पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे.कनिष्ठ सहायकों की भर्ती सीधी भर्ती/उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से होगी.
9 उच्चीकृत इंटर कॉलेजों में भी भर्ती
कक्षा 11-12 के लिए उच्चीकृत 9 राजकीय इंटर कॉलेजों में नौ प्रधानाचार्य, 90 प्रवक्ता और नौ कनिष्ठ सहायक के पद बनाए गए हैं. प्रधानाचार्य और प्रवक्ता पदों पर भर्ती निर्धारित सेवा नियमों के अनुसार होगी.प्रधानाचार्य और प्रवक्ता दोनों के 50-50 फीसदी पद सीधी भर्ती और पदोन्नति से भरे जाएंगे.
58 हाईस्कूलों में 406 एलटी शिक्षक
कक्षा 9-10 के लिए उच्चीकृत 57 राजकीय हाईस्कूलों और एक नए राजकीय हाईस्कूल, यानी कुल 58 स्कूलों में प्रत्येक के लिए एक प्रधानाध्यापक, सात सहायक अध्यापक (एलटी) और एक कनिष्ठ सहायक का पद स्वीकृत किया गया है. इन 58 विद्यालयों में कुल 58 प्रधानाध्यापक, 406 सहायक अध्यापक (एलटी) और 58 कनिष्ठ सहायक के पद होंगे. प्रधानाध्यापक के सभी पद पदोन्नति से भरे जाएंगे. इनमें 45 फीसदी पद प्रवक्ता संवर्ग और 55 फीसदी पद सहायक अध्यापक संवर्ग से पदोन्नति के जरिए चयन समिति द्वारा भरे जाएंगे. वहीं, सहायक अध्यापक (एलटी) के सभी पद UPPSC के माध्यम से सीधी भर्ती से भरे जाएंगे.
इन विषयों के शिक्षक होंगे नियुक्त
एलटी ग्रेड के पदों पर हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत और कंप्यूटर विषयों के शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे. वहीं, कनिष्ठ सहायक पद के लिए इंटरमीडिएट, CCC प्रमाणपत्र के साथ हिंदी और अंग्रेजी टंकण की निर्धारित योग्यता जरूरी होगी. इन पदों की मंजूरी के बाद अब संबंधित विभागों की ओर से भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











