ePaper

कर्फ्यूग्रस्त लखीमपुर खीरी में तेजी से सुधरे हालात के बाद दी गयी 12 घंटे की ढील

Updated at : 04 Mar 2017 1:10 PM (IST)
विज्ञापन
कर्फ्यूग्रस्त लखीमपुर खीरी में तेजी से सुधरे हालात के बाद दी गयी 12 घंटे की ढील

लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी शहर में गुरवार रात को सांप्रदायिक तनाव फैलने के मद्देनजर लागू किये गये कर्फ्यू में शनिवार सुबह छह बजे से 12 घंटे की ढील दी गयी. जिलाधिकारी आकाशदीप ने यहां संवाददाताओं को बताया कि कर्फ्यू में शनिवार की सुबह छह बजे से शाम छह बजे ढील दी […]

विज्ञापन

लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी शहर में गुरवार रात को सांप्रदायिक तनाव फैलने के मद्देनजर लागू किये गये कर्फ्यू में शनिवार सुबह छह बजे से 12 घंटे की ढील दी गयी. जिलाधिकारी आकाशदीप ने यहां संवाददाताओं को बताया कि कर्फ्यू में शनिवार की सुबह छह बजे से शाम छह बजे ढील दी गयी है. इस दौरान बैंक और दफ्तर खोलने की अनुमति रहेगी. सभी संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी चौकसी बरती जा रही है.

परसों रात सोशल मीडिया पर एक समुदाय विशेष की महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित किये जाने के विरोध में आक्रोशित लोगों द्वारा उग्र प्रदर्शन और इसी दौरान गोलियां चलने के बाद जिला प्रशासन ने शहर में कर्फ्यू लागू कर दिया था. हालांकि, बाद में स्थिति में तेजी से सुधार के मद्देनजर शुक्रवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे से शाम छह बजे कर्फ्यू में ढील दी गयी थी. इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई थी.

बहरहाल, शहर में बडी संख्या में पुलिस तथा पीएसी बल तैनात कर दिए गये हैं. संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त कर रही है. जोनल पुलिस महानिरीक्षक ए सतीश गणेश और उपमहानिरीक्षक प्रवीण कुमार भी शहर में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं. जिलाधिकारी ने कहा कि शनिवार को शहर के हालात का आकलन करने के बाद आगे के लिए फैसला किया जायेगा.

उल्लेखनीय है कि गुरुवार रात सोशल मीडिया पर दो छात्रों द्वारा धार्मिक भावनाएं भड़काने वाला एक वीडियो वायरल किये जाने के बाद दो समुदायों में तनाव पैदा हो गया था. इस दौरान देर शाम फायरिंग भी हुई थी, जिसमें दो व्यक्ति घायल हो गये थे. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालात के मद्देनजर रात में शहर में कर्फ्यू लागू कर दिया गया था. मामले में आरोपी दोनों छात्रों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया था.

प्रशासन की पहल पर शुक्रवार को शहर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी थी, जिसमें दोनों समुदायों के रहनुमाओं, सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक, जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने हिस्सा लिया था. बाद में शहर में शांति मार्च भी निकाला गया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola