कुशीनगर में बोले पीएम मोदी- वे दुनियाभर की डिक्शनरी खंगालते हैं और प्रेम का नकाब पहन मुझे गालियां देते हैं

Updated at : 12 May 2019 12:07 PM (IST)
विज्ञापन
कुशीनगर में बोले पीएम मोदी- वे दुनियाभर की डिक्शनरी खंगालते हैं और प्रेम का नकाब पहन मुझे गालियां देते हैं

कुशीनगर : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पांच चरण के मतदान हो चुके हैं और विरोधी चारों खाने चित हैं. बौखलाएं हैं, उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इस चौकीदार पर लोगों का इतना प्यार क्यों उमड़ रहा है. उन्होंने कहा कि आज दुनिया […]

विज्ञापन

कुशीनगर : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पांच चरण के मतदान हो चुके हैं और विरोधी चारों खाने चित हैं. बौखलाएं हैं, उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इस चौकीदार पर लोगों का इतना प्यार क्यों उमड़ रहा है. उन्होंने कहा कि आज दुनिया में भारत की जो गूंज सुनाई दे रही है, देश इसके लिए भारतीय जनता पार्टी को और मोदी को वोट दे रहा है. आतंक के खिलाफ जो सीधी लड़ाई हम लड़ रहे हैं उसके लिए देश कमल के निशान पर बटन दबा रहा है, मोदी को वोट दे रहा है.

पीएम मोदी ने कहा कि भारत को दहलाने वाले आज डर-डर कर जीने को मजबूर हैं. वो डर रहे हैं इसलिए देश की हिम्मत बढ़ रही है और इसलिए देश मोदी को वोट दे रहा है. देश मजबूत, निर्णायक और ईमानदार सरकार के लिए वोट दे रहा है. उन्होंने कहा कि आज सुबह खबर आयी की कश्मीर में सेना ने कुछ आतंकी मार गिराये. कुछ लोगों को ये परेशानी है कि आज जब मतदान चल रहा है तो मोदी ने आतंकियों को क्यों मारा ?

रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राम का नाम लेने वालों को जेल में डालने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से सजा मिले इसलिए देश का कोई भी स्थान हो या कोई भी किनारा देश कमल के निशान पर वोट दे रहा है. उन्होंने कहा कि आपका हर वोट मेरे लिए जरुरी है, पवित्र है और अमूल्य है. जीत सामने देखकर ये समय आराम करने का नहीं है, ये जीत को इतना ऐतिहासिक बनाने का है कि महामिलावटी लोग देश के खिलाफ जाने का विचार सोचना भी छोड़ दे.

प्रधानमंत्री ने कहा कि बेटियों पर अत्याचार करने वाले, राक्षसी प्रवृत्ति के लोगों को सजा देने के लिए आपके इस चौकीदार ने फांसी की सजा का प्रावधान किया है. कांग्रेस सरकार की भी नीयत सही होती तो अलवर में जो हुआ उसे छिपाने में, दबाने में नहीं लगती. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार हो, महंगाई हो या 1984 में हजारों सिखों का कत्ल हुआ हो इनका जवाब यही होता है- ‘हुआ तो हुआ’. जिस अहंकार में ये लोग कहते हैं ‘हुआ तो हुआ’ वो इन लोगों ने देश की सरकार मशीनरी का हिस्सा बना दिया.

बसपा सुप्रीमो पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बहन जी आपके साथ गेस्ट हाउस में जो हुआ था उससे सारे देश की बहनों और बेटियों को पीड़ा हुई थी. अगर आप बेटियों की रक्षा के प्रति इतनी ही ईमानदार हैं तो आज ही, इसी समय राजस्थान की कांग्रेस सरकार से समर्थन वापस ले लीजिए. उन्होंने आगे कहा कि बीते 5 साल में आपके इस सेवक ने इस कार्य संस्कृति को बदल दिया है. इन लोगों के दांव पेंच नाकाम हो रहे हैं और ये लोग मुझे पानी पी-पीकर के कोस रहे हैं. दुनियाभर की डिक्शनरी से खोजकर लाते हैं और प्रेम का नकाब पहनाकर मुझे गालियां देते हैं.

पीएम मोदी ने कहा कि आज जो लोग मेरी जाति का सर्टिफिकेट मांग रहे हैं, जब उन्हें आपकी सेवा का मौका मिला तो उन्होंने अपने लिए सैकड़ों-हजारों करोड़ रुपए की संपत्ति खड़ी कर ली. मैं गुजरात में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहा, पांच साल से देश का प्रधानमंत्री हूं और मेरा बही खाता भी देश के सामने है. उन्होंने कहा कि जब इन्हें लोगों को मौका मिला तो इन लोगों ने कोयला घोटाला कर दिया. जब मुझे सेवा का अवसर मिला तो मैंने 7 करोड़ गरीब माताओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर उन्हें धुंए से मुक्ति दिलायी. जब इन्हें मौका मिला, तो इन लोगों ने अपने लिए लाखों-करोड़ों के बंगले बना लिये. जब मुझे सेवा का अवसर मिला तो मैंने मेरा बंगला नहीं बनाया बल्कि देश के गरीबों के लिए डेढ़ करोड़ घर बनाए. जब इन लोगों को मौका मिला तो इन्होंने NRHM घोटाला कर दिया, एंबुलेंस में घोटाला कर दिया. जब मुझे सेवा का अवसर मिला तो देश के हर गरीब को साल में 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी. जब इन लोगों को मौका मिला तो इन लोगों ने बिजली में भी घोटाला कर दिया. जब मुझे सेवा का अवसर मिला तो ढाई करोड़ से ज्यादा गरीब परिवारों में मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब को गंदगी में रहने का शौक नहीं होता, वो उसकी मजबूरी होती है. लेकिन इन महामिलावटी लोगों ने कभी इस बारे में नहीं सोचा. मैंने स्वच्छ भारत अभियान चलाया, 10 करोड़ से अधिक शौचालय बनवाए. उन्होंने कहा कि वंशवाद की बेल पकड़कर ये लोग अब इतना ऊपर चढ़ चुके हैं कि गरीब को तुच्छ मानते हैं. वहीं, मैं गरीबी में पैदा हुआ, गरीबी में बड़ा हुआ और कुम्भ के मेले में गरीबों का पैर धोकर, सफाई कर्मचारी का पैर धोकर खुद को धन्य मानता हूं.

रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि हम पूर्वांचल को देश की गैस आधारित अर्थव्यवस्था और कृषि उत्पादों का एक बड़ा हब बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हमारा ये निरंतर प्रयास रहा है कि हम हमारी संस्कृति और हमारी आस्था के केंद्रों का प्रचार प्रसार करें. लेकिन सिर्फ अपना परिवार देखने वाले कांग्रेस और महामिलावटी लोगों ने अपनी संस्कृति, अपनी ताकत, अपने राष्ट्र नायकों की परवाह नहीं की. ये महामिलावटी लोगों ने हमारी संस्कृति, परंपरा, हमारे सवा सौ करोड़ देशवासियों की ताकत इनके नायक राष्ट्र के महापुरुषों की कभी परवाह नहीं की. देशभर में बाबा साहेब आंबेडकर से जुड़े स्थानों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित करने का काम आपके इस सेवक ने किया है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola