गोंडा में अनोखी शादी! 100 रुपये के स्टांप पेपर पर लिखी अपनी प्रेम कहानी, ग्रामीणों ने पड़ोसी लड़की से कराया विवाह

Updated:
विज्ञापन
गोंडा में शादी करते हुए दूल्हा दुल्हन

गोंडा में शादी करते हुए दूल्हा दुल्हन

UP News: गोंडा में एक प्रेमी जोड़े ने समाज और परिवार की मंजूरी से अनोखी शादी रचाई. 100 रुपये के स्टांप पेपर पर लिखित सहमति से दोनों ने जिगरिया मंदिर में सात फेरे लिए, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक ऐसी शादी का मामला सामने आया है, जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया से लेकर गांव तक हो रही है. यहां प्रेमी जोड़े के रिश्ते को लेकर विवाद खड़ा करने के बजाय ग्रामीणों और परिवार वालों ने समझदारी दिखाई और दोनों की सहमति से शादी करा दी. खास बात यह रही कि शादी से पहले 100 रुपये के स्टांप पेपर पर सहमति पत्र तैयार कराया गया और इसके बाद जिगरिया मंदिर में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ दोनों ने सात फेरे लिए. इस अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

प्रेमी जोड़े के रिश्ते पर गांव में हुई बैठक

मामला गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र का है. यहां ग्राम पंचायत औसनी बुजुर्ग की रहने वाली नैंसी और पिपरा बाराखा निवासी इंग्लेश के बीच काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था. जब ग्रामीणों को दोनों के रिश्ते की जानकारी हुई तो मामला बढ़ाने के बजाय गांव के संभ्रांत लोगों और परिजनों ने बैठक बुलाई. बैठक में दोनों के परिवारों और ग्रामीणों ने प्रेमी जोड़े की इच्छा और सहमति को प्राथमिकता दी. दोनों के बालिग होने और शादी के लिए तैयार होने के बाद समाज के जिम्मेदार लोगों ने इस रिश्ते को स्वीकार करने का फैसला लिया.

100 रुपये के स्टांप पेपर पर बनाया गया सहमति पत्र

ग्रामीणों ने भविष्य में किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए 100 रुपये के स्टांप पेपर पर एक लिखित सहमति पत्र भी तैयार कराया. इस दस्तावेज पर वर-वधू, दोनों परिवारों के प्रतिनिधियों और गांव के गवाहों के हस्ताक्षर कराए गए. ग्रामीणों का कहना था कि इससे सामाजिक और कानूनी स्तर पर किसी तरह की परेशानी न हो.

जिगरिया मंदिर में वैदिक मंत्रों के बीच हुई शादी

सहमति बनने के बाद प्रेमी जोड़े को क्षेत्र के प्रसिद्ध जिगरिया मंदिर ले जाया गया. यहां पंडित जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शादी की रस्में पूरी कराईं. मंदिर में वरमाला के बाद दोनों ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया. इस दौरान दोनों परिवारों के लोग और ग्रामीण भी मौजूद रहे.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ शादी का वीडियो

इस अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग ग्रामीणों की सोच और विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के इस तरीके की तारीफ कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि जहां अक्सर प्रेम विवाह को लेकर विवाद देखने को मिलते हैं, वहीं गोंडा के इस गांव में लोगों ने समझदारी दिखाते हुए प्रेमी जोड़े को नई जिंदगी शुरू करने का मौका दिया. वहीं, नैंसी और इंग्लेश ने भी इस शादी पर खुशी जाहिर की है. दोनों का कहना है कि उन्हें खुशी है कि उनके प्यार को परिवार और समाज की मंजूरी मिल गई और उनका रिश्ता शादी के बंधन में बदल गया.

Also Read: बचपन से देखी आर्थिक तंगी और टपकती छत, जानिए मिट्टी के घर में सपना देखने वाला मजदूर का बेटा IAS बनकर कैसे बदल दी पूरी कहानी


विज्ञापन
Lucky Kumari

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola