पहले किया लव मैरिज, फिर 44 लाख के लिए पत्नी की ले ली जान, सड़क हादसा दिखाने की थी पूरी प्लानिंग

सांकेतिक तस्वीर {AI}
UP News:उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक पति ने 44 लाख रुपये के बीमा क्ले म के लिए अपनी पत्नी की हत्या कर दी. उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस खूनी खेल को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में पूरा सच सामने आ गया.
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पति पर अपनी पत्नी की हत्या कर 44 लाख रुपये का बीमा क्लेम हासिल करने की साजिश रचने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की और उसे सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की. हालांकि तकनीकी जांच और पुलिस की पड़ताल में पूरी साजिश बेनकाब हो गई.
सड़क किनारे मिला महिला का शव, पहले लगा एक्सीडेंट
29 जुलाई की रात हमीरपुर के ललपुरा थाना क्षेत्र के पौधिया गांव के पास खेतों की रखवाली कर लौट रहे ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक महिला का शव पड़ा देखा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
जांच के दौरान मौके से मिले एक बैंक खाते की पर्ची के आधार पर मृतका की पहचान 32 वर्षीय रीता के रूप में हुई. सूचना मिलने पर परिजन और पति अमर सिंह भी मौके पर पहुंचे. उस समय अमर सिंह ने खुद को दुखी पति की तरह पेश किया और किसी को उस पर शक नहीं हुआ.
मोबाइल लोकेशन और सर्विलांस ने खोली साजिश की परतें
घटनास्थल से जुटाए गए सबूत, मोबाइल लोकेशन, सर्विलांस और पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले. जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि यह सड़क हादसा नहीं बल्कि पहले से रची गई हत्या की साजिश थी. पुलिस का दावा है कि अमर सिंह ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की योजना बनाई थी. हत्या के पीछे सबसे बड़ी वजह 44 लाख रुपये की बीमा राशि बताई जा रही है.
ढाई साल पहले हुई थी लव मैरिज
पुलिस जांच के मुताबिक, रीता और अमर सिंह की मुलाकात कानपुर में हुई थी. दोनों ने करीब ढाई साल पहले प्रेम विवाह किया था. परिवार के अनुसार, रीता की यह दूसरी जबकि अमर सिंह की तीसरी शादी थी. शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन समय के साथ परिवार आर्थिक संकट में घिर गया. पुलिस का कहना है कि इसी दौरान रीता के नाम 44 लाख रुपये का जीवन बीमा कराया गया और यहीं से पूरी साजिश की शुरुआत हुई.
बीमा राशि के लिए रचा गया मौत का खेल
पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर भारी कर्ज था. इससे निकलने के लिए उन्होंने रीता की हत्या कर उसे सड़क दुर्घटना दिखाने की योजना बनाई, ताकि बीमा कंपनी से 44 लाख रुपये की राशि हासिल की जा सके. इतना ही नहीं, आरोपियों ने बीमा की रकम आपस में बांटने की भी योजना बना ली थी.
पत्नी की गुमशुदगी की सूचना देकर बचना चाहता था आरोपी
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद अमर सिंह ने खुद ही पत्नी के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी. जब अज्ञात महिला का शव मिलने की जानकारी मिली तो वह पहचान करने भी पहुंचा, ताकि किसी को उस पर शक न हो. लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर पूरी कहानी का खुलासा कर दिया.
चार आरोपी गिरफ्तार, कार और सिम कार्ड बरामद
हमीरपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि इस मामले में पति अमर सिंह, अमित गुप्ता उर्फ राम, पुष्पेंद्र सोनी उर्फ साहिल और अभय सिंह उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कार और एक सिम कार्ड भी बरामद किया है. सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. मामले की जांच अभी जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










