सरकारी नौकरी के नाम पर 10 लाख की ठगी, प्रयागराज के धूमनगंज थाने में केस दर्ज

सरकारी नौकरी के नाम पर 10 लाख की ठगी, प्रयागराज के धूमनगंज थाने में केस दर्ज
Up News: प्रयागराज में सरकारी नौकरी का सपना देखना अवधेश कुमार यादव को भारी पड़ा. नौकरी दिलाने के नाम पर ठगों ने उनसे ₹10 लाख की ठगी कर ली. ठगों ने जाली नियुक्ति पत्र दिखाकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया. पीड़ित ने थाने में तहरीर दी जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है.
Up News बलिया जिले के बांसडीह क्षेत्र स्थित छितौनी गांव निवासी अवधेश कुमार यादव, जो वर्तमान में झूंसी में रहते हैं, के साथ सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. पीड़ित के अनुसार, अप्रैल 2025 में उनकी मुलाकात धूमनगंज के मीरापट्टी ट्रांसपोर्ट नगर निवासी ईश्वरी प्रसाद से हुई थी. ईश्वरी प्रसाद ने खुद को प्रभावशील बताते हुए कई अन्य लोगों के नियुक्ति पत्र दिखाकर उन्हें अपने झांसे में ले लिया.
बैंक खातों में रुपये का ऑनलाइन ट्रांसफर
इसके बाद ईश्वरी प्रसाद ने अवधेश कुमार को एक नियुक्ति पत्र दिखाकर दावा किया कि उनकी सरकारी नौकरी लग गई है. इस पर पूरा भरोसा करते हुए पीड़ित ने आरोपी के सुलेमसराय स्थित भारतीय स्टेट बैंक खाते में 5 लाख 90 हजार रुपये जमा कराए. इसके अलावा, बाकी बचे 4 लाख 10 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से आरोपी की सहयोगी वंदना रानी यादव के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए. इस तरह अवधेश से कुल 10 लाख रुपये ऐंठ लिए गए.
जान से मारने की धमकी और पुलिस कार्रवाई
जब अवधेश कुमार ने अपना मूल नियुक्ति पत्र मांगा, तो आरोपी टालमटोल करने लगा. संदेह होने पर जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे, तो ईश्वरी प्रसाद ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी. तब जाकर पीड़ित को अहसास हुआ कि दिखाया गया नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी और कूटरचित था. ठगी का अहसास होने पर पीड़ित अवधेश ने धूमनगंज थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़े: दो पत्नियों ने दर्ज कराई पति के खिलाफ शिकायत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










