डेहरी EO हत्याकांड: पत्नी ने ड्राइवर पर दर्ज कराई हत्या की FIR, पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूला
डेहरी नगर परिषद के ईओ की फाइल फोटो
डेहरी नगर परिषद EO विमल कुमार की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. मृतक की पत्नी ने चालक मिथिलेश कुमार को मुख्य आरोपी बनाते हुए FIR दर्ज कराई है. आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या मामले में खुलासा हुआ है. मृतक की पत्नी बबिता कुमारी ने रविवार को बारुण थाना में लिखित आवेदन देकर चालक मिथिलेश कुमार को मुख्य आरोपी बनाते हुए हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
पत्नी ने लगाया साजिश के तहत हत्या का आरोप
बबिता कुमारी ने आवेदन में बताया कि 1 अगस्त 2026 की रात करीब 9:19 बजे चालक मिथिलेश कुमार ने फोन कर उनके पति की मौत की सूचना दी. शुरुआत में उन्हें लगा कि कोई सामान्य दुर्घटना हुई होगी, लेकिन बाद में पता चला कि उनके पति की मौत हो चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि चालक पहले भी उनके पति के साथ गाली-गलौज करता था और उन्हें प्रताड़ित करता था. हाल ही में विमल कुमार ने उसे नौकरी से हटाने की बात कही थी, जिससे नाराज होकर उसने साजिश के तहत हत्या कर दी.
View on Instagram
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
मगध प्रक्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने बताया कि पूछताछ के दौरान चालक बार-बार अपना बयान बदल रहा था. कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली. आरोपी ने बताया कि रास्ते में हुए विवाद के बाद उसने लोहे के रॉड से वार कर विमल कुमार की हत्या कर दी. इसके बाद घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की साजिश रची.
नहर से बरामद हुआ हत्या का हथियार
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. गोताखोरों की मदद से हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड नहर से बरामद कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और घटना के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए