पटना के बाढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: 10 साल की बच्ची की गले में हसुआ रेतकर हत्या, अस्पताल में परिजनों का भारी बवाल

Updated:
विज्ञापन

बाढ़ में हत्या.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पटना के बाढ़ में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मवेशियों के लिए घास काटने गई 10 वर्षीय बच्ची की गला रेतकर हत्या कर दी गई। गलत नीयत का विरोध करने पर इस दरिंदगी की आशंका जताई जा रही है।

विज्ञापन

बाढ़/बेलछी (पटना). बेलछी थाना क्षेत्र के लाखाचक गांव में शनिवार की शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. मवेशियों के लिए घास काटने गई चौथी कक्षा की 10 वर्षीया मासूम बच्ची की गले में हसुआ घोंपकर नृशंस हत्या कर दी गई. बच्ची का शव गांव के समीप धान के खेत से अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ. शव मिलते ही समूचे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. आक्रोशित परिजनों ने अनुमंडल अस्पताल बाढ़ परिसर में पुलिस के सामने ही जमकर हंगामा किया और दोषियों को फांसी देने की मांग की.

विज्ञापन

गलत नीयत का विरोध करने पर दरिंदगी की आशंका

मृतका के गले में कपड़े के साथ हसुआ फंसा हुआ मिला है, जिससे गले पर गहरा और बड़ा जख्म बन गया था. शरीर पर हाथापाई, संघर्ष और मारपीट के कई गंभीर चोटों के निशान भी मिले हैं. परिजनों ने आशंका जताई है कि बच्ची के साथ गलत नीयत से दरिंदगी का प्रयास किया गया और उसके कड़े विरोध करने पर धारदार हसुआ से उसका गला रेत दिया गया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दरिंदगी और मौत के सही कारणों का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा.

बाढ़ अस्पताल में पुलिस की टीम.
बाढ़ अस्पताल में पुलिस की टीम.

घास लाने गई थी, देर शाम खेत में मिली लाश

मृत बच्ची के पिता ऑटो चालक हैं. उन्होंने रोते हुए बताया कि स्कूल से लौटने के बाद दोपहर करीब 3 बजे बच्ची मवेशियों के लिए घास काटने बहियार की ओर निकली थी. शाम ढलने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. काफी खोजबीन के बाद धान के खेत में उसका अर्धनग्न शव देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई. मृतका पांच भाई-बहनों (तीन बहन और दो भाई) में तीसरे नंबर पर थी.

ग्रामीणों ने संदिग्ध को पकड़कर पुलिस को सौंपा

घटनास्थल के समीप एक खेत में फसल की सिंचाई कर रहे एक संदिग्ध युवक को ग्रामीणों ने दबोच लिया और जमकर पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया है. इसके अलावा आसपास के खेतों में मौजूद अन्य संदिग्धों की भी पहचान कर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. घटनास्थल पर पहुंचे बेलछी थाने के पुलिस पदाधिकारियों ने एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य संकलित किए हैं.

अस्पताल में हंगामा, कड़ी कार्रवाई में जुटी पुलिस

शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल बाढ़ लाए जाने पर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी और हंगामा किया. बेलछी थाने के सब-इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित पिता के बयान पर हत्या और पॉक्सो समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. पुलिस सभी तकनीकी और चिकित्सीय पहलुओं की गहन जांच कर रही है और घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

Also Read: पटना के जानीपुर में नाबालिग महादलित लड़की से छेड़खानी पर बवाल: पुलिस कार्रवाई न होने पर भड़के ग्रामीण, शिवाला-दानापुर मार्ग पर आगजनी

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन