पटना के जानीपुर में नाबालिग महादलित लड़की से छेड़खानी पर बवाल: पुलिस कार्रवाई न होने पर भड़के ग्रामीण, शिवाला-दानापुर मार्ग पर आगजनी व चक्का जाम

Updated:
विज्ञापन

शिवाला-दानापुर मार्ग पर आगजनी कर प्रदर्शन करते आक्रोशित ग्रामीण. सांकेतिक तस्वीर, सोर्स- AI

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पटना के फरीदपुर में नाबालिग महादलित किशोरी से छेड़खानी के बाद पुलिस की सुस्ती पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. सड़क पर उतरकर प्रदर्शन और आगजनी की गई, जिससे यातायात घंटों बाधित रहा.

विज्ञापन

फुलवारी शरीफ/जानीपुर. पटना जिले के जानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फरीदपुर इलाके में नाबालिग महादलित किशोरी के साथ हुई छेड़खानी और फब्तियां कसने के मामले में पुलिस की हीलाहवाली से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. स्थानीय पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई न किए जाने से आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने शनिवार को सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने नौबतपुर शिवाला से दानापुर रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग को टायर जलाकर पूरी तरह जाम कर दिया. आगजनी और हंगामे के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और आवागमन घंटों ठप रहा.

विज्ञापन

खेत जा रही किशोरी के साथ रास्ते में छेड़खानी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरीदपुर पंचायत की महादलित बस्ती निवासी एक नाबालिग लड़की खेत में काम कर रही अपनी मां के पास जा रही थी. उसकी मां खेत में धान की सोहनी कर रही थी. परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे मनचले युवकों ने लड़की को घेर लिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार व अश्लील कमेंटबाजी की. किसी तरह रोती-बिलखती किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई.

थाने में गुहार के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप

घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिजन जानीपुर थाने पहुंचे और नामजद युवकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई. परिजनों का गंभीर आरोप है कि थाने में लिखित शिकायत देने के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और आरोपियों को पकड़ने के लिए कोई तत्परता नहीं दिखाई. पुलिस की इसी कथित लापरवाही और सुस्त रवैये से नाराज होकर पूरी बस्ती के लोग गोलबंद हो गए और सड़क पर उतर आए.

शिवाला मार्ग पर आगजनी, वाहनों में तोड़फोड़

आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर नौबतपुर शिवाला-दानापुर स्टेशन मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क के बीचों-बीच टायर और लकड़ियां जलाकर आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया. इस दौरान उग्र प्रदर्शनकारियों द्वारा कुछ वाहनों के शीशे भी तोड़े जाने की सूचना मिली. हंगामे की वजह से दानापुर स्टेशन और नौबतपुर आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों और स्कूली वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

पांच थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की संवेदनशीलता और उग्र होते माहौल को देखते हुए डायल 112 के अलावा जानीपुर, शाहपुर, खगौल, नौबतपुर और नेउरा थाने की भारी पुलिस फोर्स मौके पर भेजी गई. वरीय पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों से सीधी बात की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद लोग शांत हुए और जाम हटाया गया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात सुचारू कराया.

एसडीपीओ बोले: दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

फुलवारी शरीफ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-2) उपेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया था. उन्होंने कहा कि जानीपुर थाना पुलिस को पीड़िता के परिजनों के बयान के आधार पर त्वरित प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने का कड़ा निर्देश दिया गया है. कानून हाथ में लेने वाले और छेड़खानी करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

Also Read: पालीगंज में 1.85 करोड़ की सड़क में बालू-राख का खेल: ग्रामीणों ने SH-69 पर की आगजनी, संवेदक के खिलाफ फूटा गुस्सा

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन