बम की धमकी वाले ई-मेल के बाद पटना जंक्शन पर हाई अलर्ट: डॉग स्क्वॉड के साथ प्लेटफॉर्म से ट्रेनों तक सघन जांच
पटना जंक्शन पर ट्रेनों में चलाया गया जांच अभियान.
पटना के सिविल कोर्ट और नगर निगम सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल के बाद पटना जंक्शन पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. सुरक्षा बलों ने सघन जांच अभियान चलाया है. स्टेशन परिसर में 24 घंटे निगरानी के निर्देश दिए गए हैं.
Patna News: पटना सिविल कोर्ट और नगर निगम समेत राजधानी के कई महत्वपूर्ण संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद शनिवार को पटना जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई. किसी भी अप्रिय घटना या संभावित खतरे को विफल करने के लिए जीआरपी पटना, आरपीएफ पटना पोस्ट और दानापुर मंडल के डॉग स्क्वॉड ने संयुक्त रूप से व्यापक जांच अभियान चलाया. एएसपी रेल पटना भास्कर रंजन के नेतृत्व में चले इस सघन अभियान से स्टेशन परिसर में हड़कंप का माहौल रहा.
प्लेटफॉर्म 1 से 10 तक खंगाला गया कोना-कोना
सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 से लेकर 10 तक चप्पे-चप्पे की बारीकी से पड़ताल की. प्लेटफॉर्म पर खड़ी और गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों की बोगियों, पार्सल घर, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्री प्रतीक्षालयों की सघन तलाशी ली गई. इसके साथ ही मुख्य पार्किंग स्टैंड में खड़े दोपहिया और चार पहिया वाहनों की डिक्की खोलकर जांच की गई. डॉग स्क्वॉड ने संदिग्ध बैगों, कूड़ेदानों और लावारिस नजर आ रही जगहों को सूंघकर परखा.
मेटल डिटेक्टर से यात्रियों के सामान की चेकिंग
जांच के दौरान स्टेशन के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर जवानों की मुस्तैदी बढ़ा दी गई थी. सुरक्षा कर्मियों ने हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) के जरिए स्टेशन में प्रवेश करने वाले हर यात्री और उनके भारी सामान की गहन जांच की. अचानक बढ़ी चौकसी और सुरक्षा घेरे को देखकर यात्रियों में पहले तो कौतूहल बना, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें स्थिति से अवगत कराते हुए संयम बनाए रखने में सहयोग लिया.
तलाशी में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
राहत की बात यह रही कि कई घंटों तक चले इस मैराथन जांच अभियान के दौरान स्टेशन या सर्कुलेटिंग एरिया में कोई भी आपत्तिजनक या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली. जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली. एएसपी रेल ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
स्टेशन पर बढ़ाई गई 24 घंटे की निगरानी
अभियान के दौरान रेल पुलिस और आरपीएफ ने लाउडस्पीकर के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की. यात्रियों से कहा गया कि वे किसी भी लावारिस बैग, वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों या हेल्पलाइन नंबर पर दें. संवेदनशील हालात को देखते हुए पटना जंक्शन और आसपास के सभी रेल ट्रैकों पर 24 घंटे गश्त व सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए