ePaper

बनाए रखें शांति और सद्भाव

Updated at : 12 Jun 2022 8:16 AM (IST)
विज्ञापन
बनाए रखें शांति और सद्भाव

रांची के कुछ इलाकों से प्रदर्शन और हिंसा की खबरें सामने आयी हैं. ऐसे में हमेशा यह आशंका बनी रहती है कि कहीं कोई झड़प चिंगारी का काम न कर दे और पूरा शहर कहीं उसकी गिरफ्त में न आ जाए.

विज्ञापन

रांची के कुछ इलाकों से प्रदर्शन और हिंसा की खबरें सामने आयी हैं. ऐसे में हमेशा यह आशंका बनी रहती है कि कहीं कोई झड़प चिंगारी का काम न कर दे और पूरा शहर कहीं उसकी गिरफ्त में न आ जाए. पुलिस प्रशासन को चुस्ती दिखानी होगी, ताकि शहर इस स्थिति से बचा रहे. सरकार व प्रशासन को भी सख्त संदेश देना होगा कि वह ऐसे तत्वों से सख्ती से निपट रही है, क्योंकि जरा-सी लापरवाही शहर और राज्य पर भारी पड़ सकती है.

साथ ही हम सब को भी चौकन्ना रहना होगा कि कहीं चंद हुड़दंगियों के कारण पूरा शहर अस्त-व्यस्त न हो जाए. हम आपसी द्वेष के दुष्चक्र में न फंसें और अमन व भाईचारा बनाए रखें. हम सबको सतर्क रहना होगा कि असामाजिक तत्व इस मौके का लाभ न उठा पाएं और सामाजिक शांति और सद्भाव भंग न करने पाएंं. यह सही है कि सरकार व प्रशासन मुस्तैद रहे, लेकिन समाज के सभी वर्गों के प्रबुद्ध नागरिकों को अपना दायित्व निभाना होगा.

शहर का अमन चैन बिगाड़ने वाले लोग किसी अन्य ग्रह से नहीं आते हैं, वे अपने आसपास के ही लोग हैं. शहर के जागरूक नागरिक अपना कर्तव्य निभाएं, ऐसे लोगों को टोकें और आगाह करें कि वे माहौल खराब न करें. दूसरी महत्वपूर्ण बात है कि सोशल मीडिया, खास कर व्हाट्सएप अफवाहों को हवा देता है. ऐसे संदेशों को फैलाने में योगदान न दें. अगर आपका कोई परिचित ऐसा करता है, तो लोगों के हित में उसे टोकें और मना करें.

यह जान लीजिए, हिंसा से स्कूल कॉलेज ठप हो जायेंगे, दफ्तरों में काम बंद हो जायेगा और काम-धंधा सब ठप हो जायेगा. यह गंभीर स्थिति है. सांप्रदायिक हिंसा की एक बड़ी घटना एक झटके में शहर व राज्य के अमन चैन पर पानी फेर सकती है. अगर आप चाहते हैं कि आपका शहर व प्रदेश आगे बढ़े, उसकी छवि पर बट्टा न लगे, तो हमें अपने शहर के सामाजिक सौहार्द को हर कीमत पर बनाए रखना होगा.

विज्ञापन
Ashutosh Chaturvedi

लेखक के बारे में

By Ashutosh Chaturvedi

मीडिया जगत में तीन दशकों से भी ज्यादा का अनुभव. भारत की हिंदी पत्रकारिता में अनुभवी और विशेषज्ञ पत्रकारों में गिनती. भारत ही नहीं विदेशों में भी काम करने का गहन अनु‌भव हासिल. मीडिया जगत के बड़े घरानों में प्रिंट के साथ इलेक्ट्रॉनिक पत्रकारिता का अनुभव. इंडिया टुडे, संडे ऑब्जर्वर के साथ काम किया. बीबीसी हिंदी के साथ ऑनलाइन पत्रकारिता की. अमर उजाला, नोएडा में कार्यकारी संपादक रहे. प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के साथ एक दर्जन देशों की विदेश यात्राएं भी की हैं. संप्रति एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के सदस्य हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola