Rourkela News: बंडामुंडा के लोगों ने आरएमसी आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, कहा-सड़क, बिजली व पानी की समस्या का हो समाधान

Published by :BIPIN KUMAR YADAV
Published at :17 Apr 2026 12:07 AM (IST)
विज्ञापन
Rourkela News: बंडामुंडा के लोगों ने आरएमसी आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, कहा-सड़क, बिजली व पानी की समस्या का हो समाधान

Rourkela News: आरएमसी आयुक्त से मुलाकात कर बंडामुंडा के निवासियों ने उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया और समाधान की मांग की.

विज्ञापन

Rourkela News: रेलनगरी बंडामुंडा के निवासियों ने जनमुद्दों को लेकर गुरुवार को राउरकेला महानगर निगम (आरएमसी) की आयुक्त दीना दस्तगीर से मुलाकात की. इसमें बंडामुंडा के अलग-अलग स्थानों पर खराब सड़क, बिजली की कमी, पेयजल संकट, ड्रेन न होने से लेकर अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर उनकाे अवगत कराया गया. साथ ही उनसे बंडामुंडा अंचल का दौरा करने का निवेदन भी किया गया है. जिसे आयुक्त ने स्वीकार कर लिया है तथा 21 अप्रैल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के राउरकेला दौरा के बाद बंडामुंडा का दौरा करने का भरोसा दिया है.

नेपाली बस्ती, बोगदा बस्ती और चूड़ी बस्ती में हाइमास्ट लाइट लगे

इस मुलाकात में आरएमसी आयुक्त को बताया गया कि एनएच-320 डी के निर्माण को लेकर बंडामुंडा के लोगों व दुकानदारों को दोनों ओर अपनी दुकानें व मकान तोड़ना पड़ा है. लेकिन इसके बाद भी सड़क निर्माण का काम घटिया सामग्री से किया जा रहा है. साथ ही इस अंचल की कई बस्तियों में उचित लाइटिंग की सुविधा नहीं है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका के साथ असामाजिक तत्व भी सक्रिय होते हैं. नेपाली बस्ती, बोगदा बस्ती और चूड़ी बस्ती में हाइमास्ट लाइट लगाने की मांग की गयी. इसके अलावा ड्रेन, बिजली से लेकर पेयजल व अच्छी सड़क की सुविधा मुहैया कराने की मांग की गयी है. साथ ही बताया गया है कि गत 15 सालों से राउरकेला महानगर निगम का चुनाव नहीं होने से यहां काेई जनप्रतिनिधि नहीं है. जिससे लोगों काे सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं.

समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो करेंगे आंदोलन

बंडामुंडा के पूर्व पार्षद सुभाष पंडा ने कहा कि बंडामुंडा में सड़क, ड्रेन से लेकर अन्य बुनियादी सुविधा का अकाल है. इसके प्रति कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है. हम इसका समाधान करने की मांग पर आरएमसी आयुक्त से मिलने आये हैं. इसके बाद भी यदि हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो हम आंदाेलन करने पर विवश होंगे. राज्यसभा सांसद दिलीप राय के बंडामुंडा प्रतिनिधि माणिक चौधरी ने कहा कि आरएमसी आयुक्त अलग-अलग स्थानों का दौरा कर वहां के निवासियों से मिलकर उनकी असुविधा व समस्या की जानकारी ले रही हैं तथा समाधान का प्रयास कर रही हैं. हमने उनसे बंडामुंडा का दाैरा कर लोगों की असुविधा व समस्या की जानकारी लेने का अनुरोध किया है. बंडामुंडा के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष आइ राजा रमेश ने कहा कि बंडामुंडा में राउरकेला महानगर निगम के अंतर्गत तीन वार्ड आते हैं. लेकिन इन तीनों वार्डों में पेयजल, पानी व सड़क से लेकर ड्रेन की समस्या है. जिससे इन समस्याओं का समाधान करने की मांग को लेकर हम बंडामुंडा निवासी निगम आयुक्त से मिलने आये हैं.

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola