Rourkela News: एसी और कूलर से नहीं मिल रही रात, गर्मी व उमस ने लोगों को किया बेचैन

Rourkela News: स्मार्ट सिटी राउरकेला में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है. गर्मी और उमस के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है.
Rourkela News: राउरकेला व आस-पास के अंचल में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. शुक्रवार को अधिकतम तापमान में भले ही मामूली गिरावट दर्ज की गयी हो, लेकिन अधिकतम आर्द्रता 80 फीसदी से अधिक होने के कारण चिपचिपी और उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. शहर में गर्मी का आलम यह है कि न तो एसी से राहत मिल रही है और न ही कूलर आराम दे रहा है. घर में पंखा चलता है, तो गर्म हवा झुलसा रही है. शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
पेयजल और बिजली आपर्ति सुचारू रखने की मांग
लोगों का कहना है कि दिन भर की गर्मी के बाद रात को कूलर या एसी चलाने से थोड़ी राहत मिलती है. इस गर्मी को देखते हुए लोग अपने घरों के लिए कूलर खरीदकर ले जा रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि गर्मी के कारण कूलर की बिक्री में तेजी आयी है. इधर, मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है. तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों को और भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इस बीच लोगों का कहना है कि गर्मी से बचने के लिए सरकार को भी कुछ कदम उठाने चाहिए. शहर में पेयजल की व्यवस्था को बेहतर बनाने और बिजली की आपूर्ति को सुचारू रखने की मांग की जा रही है. गर्मी से बचने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं, लेकिन गर्मी का कहर जारी है.
बंडामुंडा : गर्मी का प्रकोप जारी, तेज धूप व उमस से परेशानी
रेलनगरी बंडामुंडा समेत आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे गर्मी का प्रकोप और बढ़ने की आशंका जतायी जा रही है. गर्मी का असर बंडामुंडा में साफ तौर पर देखा जा सकता है. हालात ऐसे हैं कि सुबह 11 बजे के बाद ही बाजारों में सन्नाटा पसरने लगता है. जहां आम दिनों में चहल-पहल रहती थी, वहां अब इक्का-दुक्का लोग ही नजर आ रहे हैं और सड़कें सुनसान दिखने लगी हैं. तेज धूप और उमस ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है. बाहर निकलते ही शरीर पसीने से तरबतर हो जा रहा है. सुबह के समय ही धूप इतनी तीखी हो जा रही है कि आंख उठाकर देखना तक मुश्किल हो रहा है. ऐसे में लोग जरूरी कार्य होने पर ही पूरी तरह शरीर को ढककर घर से बाहर निकल रहे हैं. गर्मी से राहत पाने के लिए लोग कूलर और एसी का सहारा ले रहे हैं. वहीं शहर में जगह-जगह लगे लस्सी, गन्ना रस, नींबू पानी और सत्तू के स्टॉलों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है, जहां लोग ठंडे पेय पदार्थों से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं. बंडामुंडा में बढ़ती गर्मी ने जनजीवन की रफ्तार को धीमा कर दिया है और लोग अब मौसम के मिजाज के अनुसार अपनी दिनचर्या में बदलाव करने को विवश हैं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




