Bhubaneswar News: सुभद्रा योजना में एक करोड़ 64 हजार महिलाओं को मिली 5000 रुपये की आर्थिक सहायता

Bhubaneswar News: मुख्यमंत्री मोहन माझी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ब्रह्मपुर में सुभद्रा योजना की दूसरी किस्त का वितरण किया.
Bhubaneswar News: मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गंजाम जिले के ब्रह्मपुर शहर के आंबपुआ में सुभद्रा योजना के तहत राज्य की एक करोड़ 64 हजार महिलाओं को दूसरी किस्त का वितरण किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 51वें अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य सरकार ने 9 महीने में एक करोड़ से अधिक माताओं के लिए आर्थिक स्वतंत्रता का रास्ता खोल दिया है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस योजना के तहत दो किश्तों में महिलाओं को 10 हजार रुपये दिये जा रहे हैं, जो राज्य सरकार की महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
महिलाएं राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक स्तर हो रहीं सशक्त : मोहन माझी
मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि जहां पिछले 24 वर्षों तक महिलाओं के लिए सिर्फ नारों का प्रचार किया गया, वहीं हमारी सरकार ने मात्र 24 मिनट के भीतर ऐतिहासिक सुभद्रा योजना को लागू किया और नौ महीने में एक करोड़ से अधिक महिलाओं को इसका लाभ पहुंचाया. मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा पर भी जोर दिया और कहा कि महिलाओं पर हिंसा करने वालों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है. उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा करने वालों के लिए हमारी सरकार कोई सहनशीलता नहीं दिखायेगी, ऐसे अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जायेगा. इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने ‘लखपति दीदी’ योजना के बारे में भी जानकारी दी, जिसका उद्देश्य देशभर में 3 करोड़ लक्षपति दीदी का निर्माण करना है. ओडिशा में इस योजना को प्रभावी रूप से लागू करते हुए, राज्य ने पूरे भारत में दूसरा स्थान हासिल किया है, और अब तक 5 लाख लखपति दीदी बनायी जा चुकी हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार द्वारा किये गये प्रयासों से महिलाएं अब राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक स्तर पर सशक्त हो रही हैं.
महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : उपमुख्यमंत्री
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कहा कि आज सुभद्रा योजना एक करोड़ से अधिक महिलाओं तक पहुंच चुकी है और राज्य सरकार इस दिशा में और अधिक काम करने के लिए प्रतिबद्ध है. इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री कनक बर्धन सिंह देव, मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, गोकुलानंद मलिक, विभूति भूषण जेना, ब्रह्मपुर सांसद प्रदीप पाणिग्रही, आसिका सांसद अनिता शुभदर्शिनी और गंजाम जिले के सभी विधायक उपस्थित थे. कार्यक्रम के दौरान महिला और बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शुभा शर्मा ने स्वागत भाषण दिया और गंजाम जिला कलेक्टर दिव्यज्योति परिडा ने धन्यवाद ज्ञापित किया.केंद्रीय रेल मंत्री मंत्री ने दी बधाई
ओडिशा में सुभद्रा योजना के लाभार्थियों की संख्या एक करोड़ से अधिक हो गयी है. केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और आइटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस उपलब्धि का स्वागत किया और राज्य सरकार की महिला सशक्तीकरण के लिए की जा रही कोशिशों को सराहा. इस संबंध में सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ओडिशा की माताओं और बहनों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की गयी सुभद्रा योजना ने एक करोड़ से अधिक लाभार्थियों तक अपनी पहुंच बनायी है. ओडिशा सरकार की महिला सशक्तीकरण की योजना अब वास्तविकता के रूप में आगे बढ़ रही है. केंद्रीय मंत्री ने इस सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा को धन्यवाद दिया.महिलाएं अपनी बुद्धिमत्ता से हमारा भविष्य गढ़ती हैं: मुख्यमंत्री
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को कहा कि महिलाएं अपनी शक्ति, बुद्धि और दृढ़ संकल्प से देश के भविष्य को आकार देती हैं. मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह टिप्पणी की. उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि महिलाएं हमारे समाज की रीढ़ की हड्डी हैं, जो अपनी शक्ति, बुद्धि और दृढ़ संकल्प से हमारा भविष्य गढ़ती हैं. आइए, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम ओडिशा और उसके बाहर की महिलाओं की अटूट भावना, लचीलापन और उपलब्धियों का जश्न मनायें. हम सभी अधिक समावेशी, समतामूलक और प्रगतिशील समाज के निर्माण का संकल्प लें, जहां हर महिला सपना देख सके, उसे पूरा कर सके और नेतृत्व कर सके. बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने एक पोस्ट में कहा कि महिला सशक्तीकरण सदैव हमारी सभी पहलों के केंद्र में रहा है और ओडिशा मिशन शक्ति, ममता और जेंडरबजट जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने में अग्रणी है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




