Rourkela News: बारिश के बाद चार डिग्री लुढ़का शहर का पारा, गर्मी से मिली राहत

Published by :BIPIN KUMAR YADAV
Published at :30 Apr 2026 11:47 PM (IST)
विज्ञापन
Rourkela News: बारिश के बाद चार डिग्री लुढ़का शहर का पारा, गर्मी से मिली राहत

Rourkela News: राउरकेला में गुरुवार की सुबह जहां सुहानी रही, वहीं दोपहर में कड़ी धूप ने परेशान किया. शाम में बारिश से मौसम सुहाना हो गया.

विज्ञापन

Rourkela News: काल बैसाखी के प्रभाव में पिछले दो दिनों से शहर में हो रही बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है. बुधवार के बाद गुरुवार को भी शाम में बारिश होने से लोगों ने राहत की सांस ली है. पिछले दो सप्ताह से जहां शहर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ था, वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

अचानक छाये बादल, बरसीं राहत की फुहारें

गुरुवार की सुबह सुहानी रही. न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से सुबह में लोगों को राहत महसूस हुई. वहीं दिन में एक बार फिर कड़ी धूप और उमस के कारण कुछ समय तक लोग परेशान रहे. लेकिन शाम के चार बजे के करीब एक बार फिर मौसम ने करवट ली. आसमान में अचानक बादल छा गये और राहत की फुहारें बरसने लगीं. जिससे मौसम सुनाहा हो गया. बारिश के कारण एक बार फिर तापमान नीचे आ गया. हालांकि, बिना तैयारी के घरों से निकले लोगों को सिर छिपाने के लिए जगह ढूंढ़नी पड़ी. कई लोगों, खासकर दो पहिया चालकों ने बस शेल्टरों में शरण ली. करीब 6:00 बजे तक कभी हल्की, तो कभी तेज बारिश होती रही.

बिसरा में सोलर पंप खराब, भीषण गर्मी में पानी के लिए तरस रहे लोग

सुंदरगढ़ जिले के बिसरा प्रखंड अंतर्गत बिसरा ग्राम पंचायत के पुरुणा बिसरा फायर स्टेशन के पास स्थित सोलर पंप लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है. जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. भीषण गर्मी के इस दौर में जहां पानी की आवश्यकता सबसे अधिक होती है, वहीं यह सोलर पंप बंद रहने से लोगों की दिक्कतें और बढ़ गयी हैं. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को इस समस्या के बारे में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है. पानी के लिए लोगों को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है, जिससे खासकर महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सोलर पंप की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके. यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं.

राउरकेला सरकारी अस्पताल में लगे 22 कूलर

राउरकेला सरकारी अस्पताल (आरजीएच) में इलाज के लिए भर्ती मरीजों को कूलर की कमी के कारण बहुत ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. इसका पता चलने के बाद रघुनाथपाली विधायक और सुंदरगढ़ जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन दुर्गा चरण तांती ने तत्काल स्वास्थ्य सचिव से मिलकर आरजीएच में कुछ नये कूलर युद्ध स्तर पर लगाने का निवेदन किया था. विधायक से सब कुछ सुनने के बाद, स्वास्थ्य सचिव ने सुंदरगढ़ जिलापाल को इस बारे में तुरंत कदम उठाने को कहा. नतीजतन, गुरुवार को सिर्फ 24 घंटे में जिला प्रशासन ने राउरकेला सरकारी अस्पताल को 22 नये कूलर दिये हैं. जिसमें से मेडिसिन वार्ड में 16 तथा सर्जरी वार्ड में छह नये कूलर लगाये गये हैं. जबकि खराब पड़े पांच कूलरों की मरम्मत कर टीबी वार्ड, एआरटीसी आदि वार्डों में लगा दिया गया है. इसके अलावा खराब पंखों की मरम्मत के लिए भी कदम उठाये गये हैं. विधायक श्री तांती के हस्तक्षेप से राउरकेला सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों को भीषण गर्मी से राहत मिली है.

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola