Bhubaneswar News: भुवनेश्वर के स्थापना दिवस पर निकली शोभायात्रा, परेड में 51 दल हुए शामिल

Published by :BIPIN KUMAR YADAV
Published at :13 Apr 2026 11:57 PM (IST)
विज्ञापन
Bhubaneswar News: भुवनेश्वर के स्थापना दिवस पर निकली शोभायात्रा, परेड में 51 दल हुए शामिल

Bhubaneswar News: राजधानी भुवनेश्वर का 78वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित हुए.

विज्ञापन

Bhubaneswar News: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर का 78वां स्थापना दिवस सोमवार को उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया. इस अवसर पर ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. समारोह में भुवनेश्वर सांसद अपराजिता षाड़ंगी, विधायक अनंत नारायण जेना, सुशांत कुमार राउत, मेयर सुलोचना दास, पूर्व मंत्री सुरेश कुमार राउतराय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे.

राजधानी क्षेत्र को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने में सहयोग का आह्वान

इस मौके पर लिंगराज मंदिर से पीएमजी चौक तक एक भव्य मशाल शोभायात्रा निकाली गयी, जिसका नेतृत्व ओलिंपियन दूती चंद सहित अन्य खिलाड़ियों ने किया. कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सुरमा पाढ़ी ने ध्वजारोहण कर संयुक्त नागरिक परेड की सलामी ली. परेड में कुल 51 दलों ने भाग लिया. विभिन्न स्कूल और कॉलेजों के बीच आयोजित प्रतियोगिताओं में बीजेबी स्वायत्त महाविद्यालय ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सैनिक स्कूल और राजधानी कॉलेज क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे. अपने संबोधन में सुरमा पाढ़ी ने राजधानी के समग्र विकास को तेज करने का आह्वान करते हुए कहा कि भुवनेश्वर राज्य की राजधानी है और इसकी गरिमा बनाये रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. वहीं मेयर सुलोचना दास ने शहर को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की.

फोटो प्रदर्शनी में भुवनेश्वर की विकास यात्रा को दर्शाया गया

इस अवसर पर अतिथियों ने विधानसभा के सामने स्थित राजधानी शिलान्यास स्थल पर माल्यार्पण किया और शहर के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया. समारोह में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी भुवनेश्वर के सतत विकास और इसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया.

13 अप्रैल 1948 को हुई थी स्थापना

13 अप्रैल, 1948 को तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने भुवनेश्वर को राजधानी के रूप में स्थापित किया था. उस समय लगभग 40 हजार लोगों के लिए योजनाबद्ध तरीके से बना यह शहर आज 15 लाख से अधिक आबादी वाला आधुनिक महानगर बन चुका है. इस अवसर पर जयदेव भवन में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से एक विशेष फोटो प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें भुवनेश्वर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित होने तक की यात्रा को दर्शाया गया है. यह प्रदर्शनी मंगलवार तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी.

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भुवनेश्वर के स्थापना दिवस पर लोगों को बधाई दी

ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने सोमवार को राजधानी भुवनेश्वर के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई दी. राज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, राजधानी स्थापना दिवस पर हम भुवनेश्वर का उत्सव मना रहे हैं, एक ऐसा शहर जो अपनी कालातीत विरासत और निरंतर प्रगति का सुंदर मिश्रण है. इतिहास में रची-बसी और एक उद्देश्य के साथ आगे बढ़ती हुई भुवनेश्वर की भूमि हमें प्रेरित और गौरवान्वित करती है. मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि हमारा प्रिय शहर ‘मंदिरों का शहर’, जो एकाम्र क्षेत्र की विरासत, संस्कृति और आधुनिकता का एक अनूठा संगम है, ने अब शिक्षा, आइटी और खेल के प्रमुख केंद्र के रूप में वैश्विक स्तर पर अपनी एक नयी पहचान बनायी है. विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर को हरा-भरा और सुंदर बताते हुए कहा कि इस शहर ने अपनी प्राचीन विरासत, समृद्ध संस्कृति और आधुनिक वास्तुकला से ओडिशा की पहचान को समृद्ध किया है. आइए, हम इसे देश की सर्वश्रेष्ठ राजधानी बनाने का संकल्प लें.

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola