मौत को टक से छूकर लौट आए नोवामुंडी के बीडीओ साहेब, चुनावी ड्यूटी पर जाने के दौरान खाई में गिरते-गिरते बची गाड़ी

टोंटो प्रखंड के सूरज बासा पास के पास झाड़ी में अटकी नोवामुंडी बीडीओ की गाड़ी. फोटो: प्रभात खबर
West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी बीडीओ पप्पू रजक की सरकारी गाड़ी टोंटो प्रखंड के सूरज बासा पास के पास हादसे का शिकार हो गई. दोपहिया वाहन को बचाने के प्रयास में गाड़ी झाड़ियों में जा घुसी, लेकिन खाई में गिरने से बच गई. बीडीओ और उनके सहकर्मी सुरक्षित हैं. हादसे के बाद बीडीओ ने वाहन चालकों से सतर्क रहने की अपील की है.
नोवामुंडी से सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट
West Singhbhum News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड के बीडीओ (प्रखंड विकास पदाधिकारी) पप्पू रजक उस समय मौत को छूकर टक से वापस लौट आए, जब उनकी सरकारी गाड़ी झाड़ियों में घुस गई. वे नगर निकाय चुनाव से जुड़े काम को पूरा करने के लिए चाईबासा जा रहे थे. रास्ते में टोंटो प्रखंड क्षेत्र के सूरज बासा पास के पास अचानक सामने आए एक दोपहिया वाहन को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने गाड़ी मोड़ी, जिससे वाहन संतुलन खो बैठा और सीधे झाड़ियों में जा घुसा.
खाई में गिरने से बची
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी सड़क से फिसलकर झाड़ियों में चली गई और दो बड़े पेड़ों के बीच फंस गई. राहत की बात यह रही कि झाड़ियों के ठीक पीछे गहरी खाई थी, लेकिन वाहन वहां तक नहीं पहुंच पाया. यदि गाड़ी कुछ फीट और आगे बढ़ जाती, तो यह सीधा खाई में गिर सकती थी और बड़ा, जानलेवा हादसा हो सकता था. हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.
गाड़ी को हुआ भारी नुकसान
इस दुर्घटना में सरकारी वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है. बीडीओ पप्पू रजक और उनके साथ मौजूद कर्मियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई. बताया जा रहा है कि बीडीओ और उनके सहयोगियों को अंदरूनी चोटें लगी हैं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर गाड़ी पेड़ों के बीच नहीं फंसती, तो परिणाम बेहद भयावह हो सकता था.
सूचना मिलते ही पहुंचे अधिकारी और पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही टोंटो प्रखंड के बीडीओ, संबंधित थाना के थाना प्रभारी और स्थानीय मुखिया तुरंत मौके पर पहुंचे. प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत और बचाव कार्य शुरू किया. झाड़ियों में फंसी गाड़ी से पहले बीडीओ और उनके सहकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद टोचन और ग्रामीणों की मदद से वाहन को झाड़ियों से बाहर निकाला गया.
जगन्नाथपुर के सीओ ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलने के बाद जगन्नाथपुर के अंचल अधिकारी (सीओ) मनोज कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और बीडीओ पप्पू रजक की हालत की जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई. प्रशासनिक स्तर पर यह सुनिश्चित किया गया कि बीडीओ को किसी तरह की परेशानी न हो और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध रहे.
कुछ सेकंड की देरी भी पड़ सकती थी भारी
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो वाहन सीधे गहरी खाई में गिर जाता. सड़क किनारे मौजूद झाड़ियां और दो बड़े पेड़ इस हादसे में किसी सुरक्षा कवच की तरह साबित हुए. लोगों का कहना है कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं है कि सभी लोग सुरक्षित बच निकले.
हादसे के बाद भावुक हुए बीडीओ पप्पू रजक
हादसे के बाद बीडीओ पप्पू रजक भावुक नजर आए. उन्होंने कहा, “ईश्वर की कृपा और प्रखंड की जनता की दुआओं से मेरी जान बच गई.” उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासनिक टीम का आभार जताया, जिन्होंने तुरंत मदद कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला.
वाहन चालकों से की अहम अपील
बीडीओ पप्पू रजक ने इस मौके पर सभी दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से विशेष अपील भी की. उन्होंने कहा कि नशे की हालत में या तेज रफ्तार में वाहन न चलाएं. उन्होंने कहा, “इससे न सिर्फ आपकी जान खतरे में पड़ती है, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जान भी जोखिम में आ जाती है. अपने परिवार और दूसरों की सुरक्षा का ख्याल रखें.” उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना एक दोपहिया वाहन चालक को बचाने के प्रयास में हुई, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी.
हादसे के कारणों की जांच में जुटा प्रशासन
प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. वाहन की गति, सड़क की स्थिति और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की जाएगी. प्रारंभिक तौर पर इसे अचानक सामने आए दोपहिया वाहन को बचाने के प्रयास से जुड़ा हादसा माना जा रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच के बाद ही आधिकारिक निष्कर्ष निकाला जाएगा.
इसे भी पढ़ें: Jharkhand Liquor Scam: झारखंड पुलिस की बड़ी लापरवाही! टीम को चकमा देकर भाग निकला किंगपिन
जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई
इस पूरी घटना के बाद एक बार फिर यह कहावत सच साबित होती दिखी, “जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई.” एक बड़ा हादसा टल गया और बीडीओ पप्पू रजक तथा उनके सहकर्मी सुरक्षित बच गए. यह घटना न सिर्फ किस्मत की मेहरबानी को दिखाती है, बल्कि सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने का भी बड़ा संदेश देती है.
इसे भी पढ़ें: Income Tax Raid: रांची में इनकम टैक्स की छापेमारी, बाबा राइस मिल के संचालक के ठिकानों पर जांच जारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




