जादूगोड़ा में यूसिल कर्मी के पिता की धारदार हथियार से हत्या, सिर्फ 6 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Updated at : 07 Apr 2026 10:23 PM (IST)
विज्ञापन
Jadugora Murder Case

जादूगोड़ा में घटनास्थल पर उपस्थित स्थानीय निवासी. फोटो: प्रभात खबर

Jadugora Murder Case: जादूगोड़ा में यूसिल कर्मी के पिता की धारदार हथियार से हत्या से सनसनी फैल गई. पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 6 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. छेड़छाड़ के विवाद में हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

जादूगोड़ा से रंजन की रिपोर्ट

Jadugora Murder Case: जादूगोड़ा क्षेत्र में सोमवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां यूसिल कर्मी संजय श्रेष्ठ के पिता रतन बहादुर श्रेष्ठ (80) की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई. यह घटना राखा कॉपर कॉलोनी स्थित पुराने नर्सरी स्कूल परिसर की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. वृद्ध की इस बेरहमी से हत्या के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया.

रात से लापता थे वृद्ध, सुबह मिला खून से लथपथ शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतन बहादुर श्रेष्ठ सोमवार रात किसी कार्य से जादूगोड़ा से राखा कॉपर कॉलोनी पहुंचे थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे. परिजन उन्हें लगातार खोजते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने नर्सरी परिसर में एक वृद्ध व्यक्ति का खून से लथपथ शव देखा. वहीं, पास में एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. एसआई प्रीतम राज और अनंत मरांडी ने दल-बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने घायल महिला से पूछताछ की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में ही पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर कार्रवाई तेज कर दी गई.

6 घंटे में सुलझी हत्या की गुत्थी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के भीतर इस हत्या की गुत्थी सुलझा ली. इस मामले में धालभूमगढ़ निवासी 19 वर्षीय रोहिना धीवर को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले तीन महीनों से उसी नर्सरी परिसर के एक कमरे में रह रहा था, जहां यह घटना हुई.

छेड़छाड़ के आरोप में गुस्से में की हत्या

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक रतन बहादुर श्रेष्ठ अक्सर उसके कमरे के बगल में रहने वाली महिला मालती सबर से मिलने आता था. आरोपी का आरोप है कि मृतक उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ करता था, जिससे वह काफी समय से नाराज था. हालांकि, उसने पहले कई बार इस बात को नजरअंदाज किया, लेकिन सोमवार की रात उसने मृतक को महिला के साथ खाट पर सोते हुए देख लिया. इसके बाद वह आपा खो बैठा और पास में रखी कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर हत्या कर दी. इस दौरान उसने महिला पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया.

घटना के बाद फरार, गांव से हुआ गिरफ्तार

हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और मृतक की स्कूटी लेकर अपने पैतृक गांव धालभूमगढ़ पहुंच गया. पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर छापेमारी कर आरोपी को मछली पकड़ते समय गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, स्कूटी और अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया है.

परिवार में मातम, पुलिस की कार्रवाई सराहनीय

मृतक के पुत्र संजय श्रेष्ठ ने थाना में लिखित आवेदन देते हुए बताया कि उनके पिता सोमवार शाम करीब 7:30 बजे घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. अगले दिन उनकी हत्या की सूचना मिली. इस जघन्य घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश है. हालांकि पुलिस द्वारा महज 6 घंटे में आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई की सराहना भी की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: रामगढ़ के इस्पात प्लांट हादसे के घायलों को देखने अस्पताल पहुंचे श्रम मंत्री, जांच का दिया निर्देश

प्रेस वार्ता में होगा पूरा खुलासा

पुलिस के अनुसार पूरे मामले का विस्तृत खुलासा वरीय अधिकारियों के निर्देश पर प्रेस वार्ता के माध्यम से किया जाएगा. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: गढ़वा में गैस की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, एसडीएम ने धंधेबाज को पकड़ दुकान किया सील

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola