रामगढ़ के इस्पात प्लांट हादसे के घायलों को देखने अस्पताल पहुंचे श्रम मंत्री, जांच का दिया निर्देश

रांची के देवकमल अस्पताल में घायलों को देखने के लिए जाते झारखंड के श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव (बाएं) और विधायक ममता सिंह (बीच में). फोटो: प्रभात खबर
Ranchi News: रामगढ़ इस्पात प्लांट हादसे के बाद श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और बेहतर इलाज का निर्देश दिया. मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिया गया. घटना की जांच के लिए हाई लेवल कमेटी गठित की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
रांची से मनोज लाल की रिपोर्ट
Ranchi News: झारखंड के रामगढ़ स्थित इस्पात प्लांट में हुए हादसे के बाद राज्य सरकार सक्रिय हो गई है. श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घायल और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने जांच के निर्देश भी जारी किए.
श्रम मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
मंत्री संजय प्रसाद यादव मंगलवार को रांची के इटकी रोड स्थित देवकमल हॉस्पिटल पहुंचे, जहां हादसे में घायल लोगों का इलाज चल रहा है. उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की पूरी जानकारी ली. मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और किसी भी तरह की लापरवाही न हो.
इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन
घायलों के परिजनों से बातचीत के दौरान मंत्री ने भरोसा दिलाया कि इलाज में आने वाला पूरा खर्च वहन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करेगी. इस मौके पर विभागीय अधिकारी और कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
हाई लेवल जांच कमेटी के गठन का निर्देश
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने विभागीय सचिव को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच के लिए एक हाई लेवल कमेटी का गठन किया जाएगा. कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.
मृतकों के परिजनों से भी मिले मंत्री
मंत्री संजय प्रसाद यादव रामगढ़ पहुंचकर मृतकों के परिजनों से भी मिले. उन्होंने पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. इस दौरान कंपनी प्रबंधन की ओर से मृतकों के आश्रितों को 21-21 लाख रुपये का मुआवजा चेक दिया गया.
सरकार ने दिया हर संभव सहयोग का भरोसा
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों को विधि सम्मत हर प्रकार का सहयोग देगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे के जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा. सरकार का उद्देश्य है कि पीड़ितों को न्याय मिले और औद्योगिक सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन हो.
इसे भी पढ़ें: धनबाद के एसएनएमएमसीएच में 13 अप्रैल से मिलेगी सुपर स्पेशियलिटी फैसलिटी, ओपीडी डॉक्टरों की लिस्ट जारी
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन किया जाए, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है. फिलहाल सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे हादसे के असली कारणों का खुलासा होगा.
इसे भी पढ़ें: रामगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोतरी, दो महीने में 31 लोगों की मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




