मोटी कमाई का लालच दे लाखों की ठगी कर गायब हुए दो भाई

Updated at : 23 Jul 2017 4:54 AM (IST)
विज्ञापन
मोटी कमाई का लालच दे लाखों की ठगी कर गायब हुए दो भाई

चाईबासा : जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र निवासी दो भाइयों द्वारा फरजी कंपनियां खोलकर कुछ ही महीनों में लोगों से लाखों रुपयों की ठगी कर चंपत हो जाने का एक मामला प्रकाश में आया है. अब निवेशक अपने पैसे वापस पाने के लिए पुलिस अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं. उक्त संबंध में […]

विज्ञापन

चाईबासा : जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र निवासी दो भाइयों द्वारा फरजी कंपनियां खोलकर कुछ ही महीनों में लोगों से लाखों रुपयों की ठगी कर चंपत हो जाने का एक मामला प्रकाश में आया है. अब निवेशक अपने पैसे वापस पाने के लिए पुलिस अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं.

उक्त संबंध में मंझारी थाना क्षेत्र के ग्राम दारा निवासी विक्रम पुरती ने एसपी से लिखित शिकायत की है जिसमें पूरे मामले की जानकारी दी है. शिकायत के अनुसार, झींकपानी थाना क्षेत्र के बटेया गांव निवासी दो भाइयों, विकास बिरुली तथा आशीष बिरुली ने वर्ष 2016 में ‘फॉर्च्युन ट्रेडिंग सर्विसेज’ के नाम से एक कंपनी शुरू की. कंपनी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के रूप में दोनों भाइयों ने प्रति दिन
दो प्रतिशत की दर से वृद्धि तथा शेयर कारोबार की ट्रेनिंग देने का प्रलोभन देते हुए लोगों को निवेश के लिए आमंत्रित किया. आकर्षक लाभ का ऑफर होने के कारण लोग देखते ही देखते कंपनी में अपने पैसे का निवेश करने पहुंचने लगे.
शुरू के चार-पांच महीने तक दोनों भाई निवेशकों को उनसे ही मिले पैसों को रोटेट कर दो प्रतिशत की दर से वृद्धि का लाभ देते रहे. इससे तो लोगों का कंपनी पर विश्वास बढ़ गया. इसके साथ-साथ ही दोनों ने खुद को स्थानीय बताकर लोगों का विश्वास और भी मजबूत कर लिया जिसकी बदौलत वे कुछ महीनों में लोगों से मोटी रकम जमा करवाने में सफल रहे.
इसी बीच विगत जनवरी महीने में दोनों भाइयों ने ‘माइ जॉवन ट्रेडिंग एंड एजुकेशन सर्विसेज लिमिटेड’ के नाम से एक नयी कंपनी शुरू कर दी, जिसके सीएमडी भी दोनों भाई ही रहे. निवेशकों को पूछने पर उन्हें बताया गया कि फॉर्च्युन ट्रेडिंग सर्विसेज कंपनी के सॉफ्टवेयर में खराबी आ गयी है.
नयी कंपनी का बैंक एकाउंट (नंबर 23750200000057) इंडियन ओवरसीज बैंक की चाईबासा शाखा में खोला गया. यह कंपनी मुश्किल से एक महीने ही चली और इतनी अवधि में दोनों भाइयों ने एफडी, आरडी आदि जैसी एनबीएफसी की विभिन्न योजनाओं के तहत जमा लोगों के लाखों रुपये की रकम इधर से उधर कर लिया.
इसी बीच निवेशकों को कुछ गड़बड़ी की आशंका हुई तो लोग अपने पैसे वापस लेने पहुंचने लगे. दोनों भाइयों ने एक बार फिर सॉफ्टवेयर में खराबी का रोना रोते हुए पैसे वापस करने में असमर्थता जतायी. निवेशकों के दबाव डालने पर दोनों ने कहा कि वे लोग कंपनी का सॉफ्टवेयर ठीक कराने के लिए बेंगलुरु जा रहे हैं तथा वहां से लौटने पर अपने सारे शेयर बेचकर उनके पैसे लौटा देंगे.
बताया जा रहा है कि इसके बाद मौका देख दोनों भाई बेंगलुरु चले गये और बाद में पता चला कि वे वहां शिफ्ट हो गये हैं. निवेशकों ने कुछ दिन इंतजार करने के बाद उनसे संपर्क करना चाहा तो दोनों के सभी फोन नंबर (7004388704, 9204269721, 9905310438, 8340583796) बंद पाया.
माता-पिता ने भी पल्ला झाड़ा
दोनों आरोपी भाइयों के माता-पिता गितिलपी स्थित एक किराये के मकान में रहते हैं. निवेशकों ने जब उनसे संपर्क किया तो उन दोनों ने भी यह कह कर पल्ला झाड़ लिया कि उनका बेटों से संपर्क नहीं हो पा रहा है. इसके बाद निराश होकर निवेशक विक्रम पुरती जिले के एसपी को एक पत्र लिखकर अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत की.
चाईबासा
कुछ को दो प्रतिशत प्रतिदिन का ब्याज देकर जीता विश्वास, फिर लोगों से जमा करवा ली मोटी रकम
झींकपानी थाना क्षेत्र के बटेया के निवासी हैं विकास और आशीष
2016 में शुरू की थी ‘फॉर्च्युन ट्रेडिंग सर्विसेज’ नाम की कंपनी
नये अकाउंट में लोगों से रकम जमा कराकर बेंगलुरू हो गये फरार
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola