West Singhbhum: चक्रधरपुर में पटरी से उतरी मालगाड़ी, 4 घंटे तक ट्रेनों का परिचालन ठप

चक्रधरपुर रेल मंडल पर बेपटरी मालगाड़ी.
West Singhbhum: चक्रधरपुर रेल मंडल के मुर्गामहादेव रोड स्टेशन पर एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई है. इसकी वजह से इस मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन 4 घंटे बाधित रहा. यहां तक कि वंदे भारत ट्रेन भी बांसपानी में घंटों खड़ी रही.
West Singhbhum: चक्रधरपुर रेल मंडल के मुर्गामहादेव रोड स्टेशन में सोमवार को दोपहर 12 बजे कोयले से लदी मालगाड़ी के दो डिब्बे बेपटरी हो गए. जिसकी वजह से देवझर-बांसपानी रेलखंड में अप और डाउन दोनों लाइनें चार घंटे से अधिक बाधित हो गई. इस रेलखंड में रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गयी. हादसे के बाद घटना स्थल के लिये चक्रधरपुर से 140 क्रेन और डांगुवापोसी से एक्सीडेंट रीलिफ ट्रेन को भेजा गया. क्रेन और एआरटी के घटना स्थल पर जाने के बाद युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया गया. रेलवे की ओर से बताया गया कि मालगाड़ी में कोयला लदा है. लोडिंग मालगाड़ी की वजह से बेपटरी डिब्बों को पटरी में लाने में दिक्कतें हो रही है.
इस हादसे से चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है. क्योंकि दक्षिण पूर्व रेलवे पूरी ताकत से माल ढुलाई कर रही है. एक बड़ा लक्ष्य रखा गया है. इस लक्ष्य को हासिल करने के लिये दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक चक्रधरपुर रेल मंडल के दौरे पर हैं. ऐसे हादसे से दक्षिण पूर्व रेलवे को लोडिंग लक्ष्य हासिल करने में परेशानी हो सकती है.
बांसपानी में घंटों खड़ी रही वंदे भारत
मुर्गामहादेव रोड में मालगाड़ी बेपटरी होने से बांसपानी रेलखंड में अप और डाउन दोनों लाइन जाम हो गई है. जिससे ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है. हादसे के बाद मालगाड़ियां भी सेक्शन में थम गई है. खुर्दारोड-टाटा जा रही वंदे भारत ट्रेन बांसपानी में रुक गई है. विशाखापटनम एक्सप्रेस टाटानगर में खड़ी है. इसके अलावे पुरी-बड़बिल इंटरसीटी ट्रेन भी बीच सेक्शन में फंसी है. मुर्गामहादेव रोड स्टेशन देवझर-बांसपानी के बीच स्थित है. यह चक्रधरपुर रेल मंडल का सर्वाधिक व्यस्त रेल मार्ग है. इस रेलखंड में सर्वाधिक मालगाड़ियां चलती हैं.
ये भी पढ़ें…
चैती छठ से पहले रांची में फलों की कीमतों में उछाल, व्रतियों की बढ़ी चिंता
जंगल में महुआ चुनने गए अधेड़ को गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पलामू पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




