जंगल में महुआ चुनने गए अधेड़ को गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पलामू पुलिस

पांकी थाना क्षेत्र में महुआ चुनने गए अधेड़ की हत्या के बाद मौके पर जुटी भीड़. फोटो: प्रभात खबर
Palamu Murder Case: पलामू के पांकी थाना क्षेत्र में महुआ चुनने गए अधेड़ की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. जंगल में खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी है. घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
पलामू से चंद्रशेखर की रिपोर्ट
Palamu Murder Case: पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के माड़न गांव में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां 58 वर्षीय राजदेव पासवान की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
महुआ चुनने गए थे पति-पत्नी
जानकारी के अनुसार, राजदेव पासवान अपनी पत्नी के साथ सुबह करीब पांच बजे केरकी पीपरा जंगल में महुआ चुनने गए थे. रोजमर्रा की तरह दोनों जंगल पहुंचे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह दिन उनके जीवन का आखिरी दिन साबित होगा.
पत्नी के लौटने के बाद हुआ हादसा
बताया जाता है कि सुबह करीब 6:30 बजे राजदेव पासवान की पत्नी घर लौट आई थी. इसके बाद वह अपने पति के लिए खाना लेकर करीब 7:30 बजे दोबारा जंगल पहुंची. वहां पहुंचते ही उसने देखा कि उसके पति जमीन पर गिरे पड़े हैं और उनके शरीर से खून बह रहा है. यह देख वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी.
ग्रामीणों को दी गई सूचना, मौके पर जुटी भीड़
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी गई. गांव के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, जहां राजदेव पासवान मृत अवस्था में पाए गए. ग्रामीणों के अनुसार, अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो चुके थे.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना सामाजिक कार्यकर्ता रफीक अंसारी द्वारा पांकी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया है.
हत्या के कारणों पर बना रहस्य
ग्रामीणों का कहना है कि राजदेव पासवान का किसी से कोई विवाद नहीं था. बताया गया कि वह कुछ साल पहले ओझा-गुनी का काम करते थे, लेकिन अब इस कार्य से दूर हो चुके थे. ऐसे में उनकी हत्या के पीछे क्या कारण हो सकता है, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.
जांच में जुटी पुलिस, जल्द खुलासे की उम्मीद
पांकी पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: आसनसोल रेल मंडल में ट्रैफिक ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द होने यात्रियों की बढ़ी परेशानी
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद माड़न गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर के को-ऑपरेटिव कॉलेज के शिक्षक का शव क्वार्टर से बरामद, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Kumarvishwat Sen
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










