पलामू में रथयात्रा महोत्सव की धूम, परंपरा और आस्था का दिखेगा संगम

पलामू में 195 वर्षों से चैनपुर राज परिवार द्वारा आयोजित रथयात्रा महोत्सव की तैयारियां ज़ोरों पर हैं. इस साल का आयोजन कई मायनों में खास होगा, जिसमें 56 भोग और भव्य रथ यात्रा शामिल है. इस्कॉन संस्था भी 11 वर्षों से इस परंपरा का हिस्सा है.
पलामू से राकेश पाठक की रिपोर्ट
पलामू में रथयात्रा महोत्सव के आयोजन का इतिहास काफी पुराना रहा है. 16 जुलाई को रथयात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाया जायेगा. इस महोत्सव को लेकर कई जगहों पर तैयारी शुरू कर दी गयी है. आयोजकों के द्वारा इस महोत्सव को भव्य रूप देने का प्रयास किया जा रहा है. रथयात्रा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह है. लोग उत्साहित होकर अपने स्तर से भी महोत्सव की तैयारी में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं.
195 वर्षों से जारी रथयात्रा
195 वर्षों से चैनपुर में निकल रहा रथयात्रा पलामू जिले के चैनपुर में वर्षों से रथयात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है. चैनपुर राज परिवार के द्वारा इस महोत्सव का आयोजन किया जाता है. इस वर्ष भी भव्य रूप से महोत्सव मनाने की तैयारी चल रही है. राज परिवार के टिकैत विश्व देव नारायण सिंह व विवेक भवानी सिंह ने बताया कि महोत्सव की तैयारी जोरों पर चल रही है. रथयात्रा महोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि चैनपुर राज परिवार के द्वारा 1831 में पहली बार रथयात्रा महोत्सव मनाया गया था. तत्कालीन राजा छत्रधारी सिंह ने जगन्नाथ पुरी के तर्ज पर रथयात्रा महोत्सव की शुरुआत की थी.
15 जुलाई को लगेगा छप्पन भोग
अब यह महोत्सव परंपरा का रूप ले लिया है. वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के मुताबिक रथयात्रा महोत्सव के एक दिन पूर्व पूजा अर्चना के बाद भगवान को छप्पन भोग लगाया जाता है. इस वर्ष 15 जुलाई को छप्पन भोग लगाया जायेगा. इसके बाद श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे. महोत्सव के दौरान भगवान जगन्नाथ स्वामी के साथ भाई बलभद्र,बहन सुभद्रा का सुसज्जित रथ निकाला जाता है. रथ को खींचते हुए श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ स्वामी को किसुनदाहा मंदिर ले जाते हैं. बताया जाता है कि भगवान जगन्नाथ स्वामी भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा के साथ मौसीबाड़ी में कुछ दिन निवास करते हैं. इसके बाद श्रद्धालु पुनः उनके रथ को खींचते हुए वापस गढ़ परिसर लाते हैं.
मेदिनीनगर में रथयात्रा की तैयारी तेज
मेदिनीनगर में कई जगहों पर मनेगा महोत्सव जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में कई जगहों पर रथयात्रा महोत्सव की तैयारी जोरों पर चल रही है. कोयल नदी तट स्थित श्री राम जानकी मंदिर में रथयात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है. इधर रेडमा ठाकुरबाड़ी में मंदिर विकास समिति के देखरेख में महोत्सव की तैयारी चल रही है. मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष विजय तिवारी ने बताया कि वर्षों से रथयात्रा महोत्सव मनाया जा रहा है. श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ स्वामी का रथ खींचते हुए जनकपुरी मंदिर तक ले जाते हैं. रात्रि विश्राम के बाद बारालोटा के लोग भगवान का रथ वापस ठाकुरबाड़ी लाते हैं. आयोजन समिति के अध्यक्ष कुणाल तिवारी,सुनील तिवारी,अजय तिवारी अकेला,ललन तिवारी,अजय तिवारी,बसंत तिवारी,मनीष तिवारी उर्फ रिंकू महोत्सव की तैयारी में जुटे हैं.
11 वर्षों से सजा रहा है रथयात्रा
11 वर्षों से महोत्सव का आयोजन कर रहा इस्कॉन आध्यात्मिक संस्था इस्कॉन की पलामू इकाई के द्वारा 11 वर्षों से रथयात्रा महोत्सव धूमधाम से मना रही है.आयोजन समिति के लोगों ने बताया कि महोत्सव की तैयारी के साथ प्रचार प्रसार तेजी से चल रहा है. नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर राकेश सिंह उर्फ मंगल सिंह ने बताया कि संस्था का यह प्रयास है कि शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र से भी काफी संख्या में श्रद्धालु महोत्सव में शामिल रहें. संस्था के मायापुर आश्रम के गौरधाम दास सहित कई वैष्णव भक्त भाग लेंगे. शहर के मेजर मोड स्थित इस्कॉन कार्यालय परिसर में कार्यक्रम का आयोजन हुआ है. संस्था के संजय पांडेय, कालिंद सिंह,अरविंद सिंह,सौरभ,हर्षवर्धन, प्रफुल्ल सहित कई भक्तजन सक्रिय हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










