चक्रधरपुर के सीढ़ी घाट का होगा कायाकल्प: संजय नदी के दोनों किनारों पर बनेंगे आधुनिक छठ घाट और गार्डवाल
पुरानीबस्ती के ऐतिहासिक सीढ़ी घाट का होगा कायाकल्प, बनेगा आधुनिक छठ घाट और गार्डवाल | Prabhat Khabar Network
चक्रधरपुर के ऐतिहासिक सीढ़ी घाट का कायाकल्प होगा। संजय नदी के किनारों पर आधुनिक छठ घाट और गार्डवाल का निर्माण किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
चक्रधरपुर: चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 स्थित पुरानीबस्ती के ऐतिहासिक सीढ़ी घाट का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है. विधायक सुखराम उरांव की अनुशंसा पर डीएमएफटी मद से संजय नदी के दोनों किनारों पर आधुनिक छठ घाट (स्टेप घाट) और मजबूत गार्डवाल का निर्माण कराया जाएगा. इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए एनआरइपी विभाग ने स्थल निरीक्षण कर मापी का कार्य शुरू कर दिया है. पुरानीबस्ती स्थित सीढ़ी घाट चक्रधरपुर का प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का केंद्र है. यहां हर वर्ष छठ महापर्व, कार्तिक पूर्णिमा स्नान और महालया पर पिंडदान के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है. अत्यधिक भीड़ के कारण वर्तमान घाट छोटा पड़ जाता है, जिसे देखते हुए इसके विस्तार की मांग लंबे समय से की जा रही थी.
परियोजना की मुख्य विशेषताएं और लाभ
आधुनिक स्टेप घाट: नदी के दोनों किनारों पर सीढ़ीनुमा घाट विकसित होंगे, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से अर्घ्य दे सकेंगे.
मजबूत गार्डवाल: यह संरचना नदी के बहाव से होने वाले मिट्टी के कटाव को रोकेगी और घाट को दीर्घकालिक सुरक्षा प्रदान करेगी.
धार्मिक पर्यटन: घाट के सौंदर्यीकरण से संजय नदी तट का आकर्षण बढ़ेगा, जिससे पुरानीबस्ती को एक नयी पहचान मिलेगी.
क्या कहते हैं जनप्रतिनिधि
श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विभाग के जूनियर इंजीनियर द्वारा तकनीकी सर्वे और मापी का कार्य शुरू कर दिया गया है. इसके बाद डीपीआर तैयार कर टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा.
स्वपन कुमार मिस्त्री, वार्ड पार्षद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रवि शंकर मोहंती
रवि शंकर मोहंती तकरीबन 18 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से राजनीतिक शास्त्र में एमए किया है. ग्रामीण पत्रकारिता के क्षेत्र में इनकी पकड़ अच्छी है. डिजिटल जर्नलिज्म में नौ साल का अनुभल है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









