सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण, मिलीं कमियां
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 09 Oct 2025 8:50 PM
विज्ञापन
सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण, मिलीं कमियां
विज्ञापन
सिमडेगा. जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम ने झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश पर गुरुवार को शहर स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया. निरीक्षण में केंद्र में कई अनियमितताएं और लापरवाही सामने आयीं. इससे सचिव ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया. सचिव ने सबसे पहले सेंटर में रखे गये विभिन्न रजिस्टरों की जांच की. उन्होंने पाया कि पंजियों का संधारण सही ढंग से नहीं किया जा रहा है. कई अभिलेख अधूरे थे, जबकि कुछ महत्वपूर्ण जानकारी गायब थी. यह गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानी गयी. निरीक्षण में पाया गया कि सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हैं. ऐसे सेंटर में जहां पीड़ित महिलाओं को सुरक्षा और गोपनीयता सबसे पहले मिलनी चाहिए, वहां निगरानी तंत्र का इस तरह ठप रहना चिंताजनक है. सचिव मरियम हेमरोम ने बताया कि सखी सेंटर में स्टाफ की भी कमी है. कई महत्वपूर्ण पद खाली हैं, जिससे सेवाएं प्रभावित हो रही हैं. जरूरत के अनुसार न तो समुचित कर्मचारी तैनात हैं और न ही प्रशिक्षित कर्मी मौजूद हैं. बताया कि पूर्व में ही विभाग को सूचित करते हुए निरीक्षण तिथि को विभाग के संबंधित अधिकारी को उपस्थित रहने को कहा गया था, लेकिन डालसा के आदेश के बावजूद कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं थे. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जनवरी 2025 से लेकर अब तक किसी भी महिला ने इस सखी सेंटर में आश्रय नहीं लिया है. यह तथ्य इस ओर इशारा करता है कि या तो पीड़ित महिलाओं तक इसकी जानकारी नहीं पहुंच रही है या फिर सेंटर की कार्यशैली पर भरोसा नहीं किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान सचिव ने सेंटर के बेडरूम, शौचालय, किचन समेत अन्य सुविधाओं की बारीकी से निरीक्षण किया. कई जगह रख-रखाव में भी कमी देखी गयी. सेंटर द्वारा उपलब्ध करायी जाने वाली सेवाओं के बारे प्रचार करने और इससे संबंधित बैनर आदि को विभिन्न सार्वजनिक स्थानों जैसे अस्पताल, जेल, व्यवहार न्यायालय परिसर, समाहरणालय, बस स्टैंड आदि जगहों पर लगाने के निर्देश दिया. निरीक्षण के समय असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम से सुकोमल भी सचिव के साथ मौजूद थे. सचिव ने बताया कि निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर झालसा को सौंपी जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










