पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का लिया संकल्प

भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत केरसई मंडल एवं सिमडेगा नगर मंडल में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया.
सिमडेगा. भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत केरसई मंडल एवं सिमडेगा नगर मंडल में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया. दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही. केरसई मंडल में प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत वर्ग गीत एवं वंदे मातरम् के साथ हुई, जबकि दिन का समापन जन गण मन के साथ किया गया. इस दौरान वक्ताओं ने संगठन की विचारधारा, कार्यशैली व जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी. पूर्व प्रत्याशी श्रद्धानंद बेसरा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की प्रेरणा देता है. मंडल अध्यक्ष विकास साहू ने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत होते हैं. वहीं अन्य वक्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया. सिमडेगा नगर मंडल में आयोजित प्रशिक्षण शिविर जिला कार्यालय में संपन्न हुआ. कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व मंत्री सह पूर्व विधायक बिमला प्रधान ने किया, जबकि अध्यक्षता नगर अध्यक्ष चंदन प्रसून ने की.बिमला प्रधान ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है. जिला अध्यक्ष दीपक पुरी ने प्रशिक्षण को संगठन की ताकत बताते हुए कहा कि इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आती है. जिला महामंत्री मुकेश श्रीवास्तव ने अनुशासन और संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया. प्रशिक्षण के दौरान सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, अंत्योदय के सिद्धांत एवं संगठन विस्तार जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गयी. वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जागरूकता संगठन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती है. दोनों ही स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संंकल्प लिया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




