जेपीएससी परीक्षा की तैयारी पूरी, 10 केंद्रों पर 3780 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Published at :15 Apr 2026 11:00 PM (IST)
विज्ञापन
जेपीएससी परीक्षा की तैयारी पूरी, 10 केंद्रों पर 3780 अभ्यर्थी होंगे शामिल

19 अप्रैल को दो पालियों में होगी झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा

विज्ञापन

सिमडेगा.

झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा 19 अप्रैल को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को लेकर सिमडेगा जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गयी. जिले में परीक्षा के लिए कुल 10 केंद्र बनाये गये हैं, जिनमें संत मेरिज उवि सामटोली, उर्सुलाइन कॉन्वेंट उवि, केंद्रीय विद्यालय, संत अन्ना उवि सामटोली, एसएस गर्ल्स प्लस टू उवि, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, एसएस प्लस टू उवि (बालक), सिमडेगा कॉलेज, डीएवी पब्लिक स्कूल टुकुपानी तथा संत जेवियर कॉलेज शामिल हैं. इन सभी केंद्रों पर कुल 3780 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जायेगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न तीन बजे से पांच बजे तक संचालित होगी. उपायुक्त ने परीक्षा को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि इसे पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं. साथ ही पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त रोशनी, बेंच-डेस्क सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है. केंद्राधीक्षकों को सीसीटीवी की पूर्व जांच करने तथा आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये. विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 19 अप्रैल को सुबह सात बजे से सक्रिय रहेगा, जो परीक्षा सामग्री के सुरक्षित जमा होने तक कार्यरत रहेगा. नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 6207651659 निर्धारित किया गया है. उपायुक्त ने सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रह कर कार्य करने के निर्देश दिये. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों का रोड मैप तैयार कर प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रदर्शित करने को कहा गया. पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. विशेष रूप से कोलेबिरा घाटी क्षेत्र में संभावित जाम को देखते हुए हाइड्रा व जेसीबी मशीन की अग्रिम व्यवस्था करने को कहा गया है. साथ ही परीक्षा केंद्रों पर जैमर, अग्निशमन वाहन की तैनाती तथा पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये. बैठक में अपर समाहर्ता ज्ञानेंद्र, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथलेश केरकेट्टा, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम समेत सभी केंद्राधीक्षक, उड़नदस्ता मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola