यातायात नियमों का पालन करने का दिया संदेश

Updated at : 30 Jan 2025 10:03 PM (IST)
विज्ञापन
यातायात नियमों का पालन करने का दिया संदेश

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत रन फॉर रोड सेफ्टी कार्यक्रम का आयोजन

विज्ञापन

सिमडेगा. जिला परिवहन विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत गुरुवार को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से रन फॉर रोड सेफ्टी कार्यक्रम आयोजित किया गया. उपायुक्त अजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार, उपविकास आयुक्त संदीप कुमार दोराईबुरु, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय बखला, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी, कर्मी समेत अन्य विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया. केलाघाघ मोड़ से रन फॉर रोड सेफ्टी की शुरुआत की गयी. दौड़ में शामिल लोग मुख्य पथ, झूलन सिंह चौक होते हुए अलबर्ट एक्का स्टेडियम पहुंचे. इस दौरान आमजनों को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का अनुपालन करने का संदेश दिया गया. उपायुक्त अजय कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति आमजनों को जागरूक करने के मकसद से रन फॉर रोड सेफ्टी कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. यातायात नियमों की अनदेखी के कारण हर माह कई लोगों की जान चली जाती है. दुर्घटना में खासकर ऐसे बाइक चालक शामिल होते हैं, जो हेलमेट का उपयोग नहीं करते हैं तथा अनियंत्रित वाहन चलाते हैं. उन्होंने रन फॉर रोड सेफ्टी के जरिये लोगों से यातायात नियमों के अनुपालन करने की अपील की. इसके अलावा उन्होंने विद्यालय के सभी बच्चों को अपने आसपास के सभी लोगों को और अपने अभिभावकों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने व हेलमेट लगाने के प्रति जागरूक करने की बात कही. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आज जो यह दौड़ का कार्यक्रम हुआ है. इसके साथ ही प्रण लें कि हम यातायात नियमों का पालन करेंगे. अभिभावक भी अपने बच्चों को बिना हेलमेट पहने निकलने नहीं दें. उन्होंने कहा कि स्कूल में आपके जितने भी साथी हैं, उनको भी जागरूक करें. रन फॉर रोड सेफ्टी दौड़ में पॉलिटेक्निक के छात्रों ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किया. सभी को हेलमेट देकर सम्मानित किया गया.

समन्वय बना कर कार्यक्रम को सफल बनायें : उपायुक्त

सिमडेगा. उपायुक्त अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत कुष्ठ जागरूकता अभियान, प्रखंड स्वास्थ्य मेला, फाइलेरिया उन्मूलन, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से संबंधित बैठक हुई. बैठक में उपायुक्त ने जिले में कुष्ठ जागरूकता के लिए जिला समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया. फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत फाइलेरिया बीमारी को दूर भगाने के लिए 10 फरवरी से 25 फरवरी तक विशेष अभियान के तहत लोगों को दवा खिलायी जायेगी. इसके आलोक में सभी कार्य योजना को समय से पूरा करते हुए अभियान को सफल बनाने की बात कही. बताया गया कि अभियान के तहत दवाईयां खिलाने के लिए कुल 730 बूथ बनाये गये हैं. इसमें सभी आंगनबाड़ी केंद्र समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व उप स्वास्थ्य केंद्र व अन्य केंद्र को निर्धारित किया गया है. इसके अलावा बाजार हार्ट व सहिया के माध्यम से डोर-टू-डोर जाकर फाइलेरिया की दवा दी जायेगी. उपायुक्त ने इस कार्यक्रम को भी सफल बनाने के लिए जन-जन तक प्रचार करते हुए लोगों को जागरूक करने की बात कही. बैठक में उपविकास आयुक्त संदीप कुमार दोराईबुरु, सिविल सर्जन डॉ रामदेव पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

टेंपो पलटने से एक की मौत, एक घायल

कोलेबिरा. कोलेबिरा प्रखंड के जामटोली बोखाटोली गांव में टेंपो पलटने से उसमें सवार 13 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार बसिया प्रखंड के कुडलागा ग्राम से एक टेंपो टेंट हाउस का कुछ सामान लेकर कोलेबिरा प्रखंड के बोंगराम जा रहा था. जैसे टेंपो कोलेबिरा रांची नेशनल हाइवे जामटोली बोखाटोली गांव के समीप पहुंचा. टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया. घटना में टेंपो में सवार 13 वर्षीय अंशु कुमार (पिता- विजय साहू) एवं 13 वर्षीय सिद्धार्थ साहू (पिता- अर्जुन साहू) घायल हो गए. दोनों घायलों को ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने अंशु कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल सिद्धार्थ साहू का प्राथमिक इलाज करके उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर हॉस्पिटल सिमडेगा रेफर कर दिया.

स्टॉल लगा विधिक सेवाओं की दी गयी जानकारी

सिमडेगा. रोजगार मेले में जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने स्टॉल लगा कर लोगों को विधिक जानकारी प्रदान की. प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम के निर्देशन में पारा लीगल वोलेंटियर ने मेले में आनेवाले लोगों को जागरूक किया. लोगों के बीच पंपलेट आदि का वितरण कर यहां से मिलने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे बताया गया. लोगों को जानकारी दी गयी कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्राधिकार से मदद ली जा सकती है. साथ ही टॉल फ्री नंबर 15100 और क्यूआर कोड के बारे लोगों को बताया गया. पारा लीगल वोलेंटियर ने बताया कि लोग घर बैठे अपनी शिकायत प्राधिकार तक पहुंचा सकते हैं, जिस पर कार्रवाई की जाती है. साथ ही लोक अदालत व स्थायी लोक अदालत के बारे लोगों को बताते हुए इसका लाभ उठाने की अपील की गयी. सचिव ने बताया कि प्राधिकार से लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. झालसा के निर्देश पर चलाये जा रहे 90 दिवसीय आउटरीच जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न प्रशासनिक कार्यक्रम और गांव-गांव में शिविर लगा कर तथा मोबाइल वैन के माध्यम से भी लोगों को विधिक जानकारी दी जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola