कॉक्रोच पार्टी के डांसर प्रवक्ता, बर्गर कांड के बाद फेमस, कितने पढ़े लिखे हैं विजेता दहिया?

CJP नेता विजेता दहिया (Image: Instagram)
Vijeta Dahiya Education: इन दिनों सोशल मीडिया पर अगर किसी राजनीतिक चेहरे की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है तो वह हैं विजेता दहिया. कॉक्रोच जनता पार्टी यानी CJP के प्रवक्ता बनने के बाद वह लगातार सुर्खियों में रहे. फिर बर्गर कांड और अलग अंदाज की प्रेस कॉन्फ्रेंस ने उन्हें इंटरनेट का चर्चित चेहरा बना दिया.
CJP Leader Vijeta Dahiya Education: बहुत कम लोग जानते हैं कि विजेता दहिया सिर्फ राजनीतिक टिप्पणीकार नहीं, बल्कि इंजीनियर, लेखक, फिल्ममेकर और थिएटर आर्टिस्ट भी रह चुके हैं. आइए जानते हैं कि विजेता दहिया कितने पढ़े लिखे हैं.
हरियाणा के गांव से शुरू हुई कहानी
विजेता दहिया का जन्म हरियाणा के सोनीपत जिले के नाहरी गांव में एक किसान परिवार में हुआ. बचपन गांव में बीता, लेकिन उनके सपने काफी बड़े थे. परिवार का माहौल पढ़ाई-लिखाई वाला था. उनके पिता शिक्षक रहे, जबकि मां सुशीला देवी ने परिवार को संभाला. बचपन से ही उन्हें थिएटर और मंच की दुनिया में काफी दिलचस्पी थी.
स्कूल से इंजीनियरिंग तक का सफर
विजेता दहिया ने शुरुआती पढ़ाई होली चाइल्ड स्कूल, सोनीपत से की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम में पढ़ाई की. पढ़ाई में अच्छे रहे और आगे चलकर दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, जिसे आज दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी यानी DTU के नाम से जाना जाता है, में दाखिला लिया.
उन्होंने साल 2009 में प्रोडक्शन एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की. यानी जो शख्स आज राजनीतिक बहसों में नजर आता है, उसकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि पूरी तरह इंजीनियरिंग की है.
इंजीनियर बने, फिर सरकारी नौकरी भी की
कॉलेज खत्म होने के बाद विजेता दहिया ने रणबक्सी लैबोरेट्रीज में बिजनेस इंटेलिजेंस एग्जीक्यूटिव के तौर पर नौकरी शुरू की. इसके बाद उन्हें विदेश मंत्रालय में सरकारी नौकरी भी मिली. आमतौर पर लोग ऐसी नौकरी मिलने के बाद पूरी जिंदगी वहीं बिताना चाहते हैं, लेकिन विजेता दहिया का मन कुछ और करना चाहता था.
StarsUnfolded के अनुसार, सरकारी नौकरी के साथ-साथ विजेता दहिया ने थिएटर, लेखन और फिल्म निर्माण का काम जारी रखा. आखिरकार उन्होंने नौकरी छोड़ दी और अपने सपनों के पीछे मुंबई का रुख कर लिया.
थिएटर, फिल्म और किताबों से गहरा रिश्ता
विजेता दहिया बचपन से थिएटर करते रहे हैं. उन्होंने कई नाटक लिखे, निर्देशित किए और स्ट्रीट प्ले भी किए. महिला शिक्षा, लैंगिक भेदभाव और सामाजिक मुद्दों पर उन्होंने कॉलेजों में नुक्कड़ नाटक किए.
उन्होंने हरियाणवी फिल्में 'दरारें' और 'ओपरी पराई' का निर्देशन भी किया. इसके अलावा 'Power of Universe' और 'To Hell With That Job' नाम की दो किताबें भी लिखीं. साहित्यिक दुनिया में वह 'गुलफाम' नाम से कविताएं भी लिखते हैं.
ध्रुव राठी से जुड़ने के बाद बदली पहचान
View on Instagram
डिजिटल दुनिया में उनकी पहचान तब बढ़ी जब वह यूट्यूबर ध्रुव राठी के लिए रिसर्चर और स्क्रिप्ट राइटर के तौर पर काम करने लगे. इसके बाद उनके राजनीतिक कंटेंट को बड़ी पहचान मिली और सोशल मीडिया पर उनका नाम तेजी से चर्चा में आने लगा.
कैसे बने कॉक्रोच जनता पार्टी के प्रवक्ता?
जून 2026 में विजेता दहिया को कॉक्रोच जनता पार्टी का आधिकारिक प्रवक्ता बनाया गया. यह वही व्यंग्यात्मक आंदोलन है जो बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दों को लेकर शुरू हुआ था. पार्टी के मंच से उन्होंने NEET पेपर लीक जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही की मांग भी की.
आज विजेता दहिया की पहचान सिर्फ एक राजनीतिक प्रवक्ता की नहीं है. वह इंजीनियर, लेखक, फिल्ममेकर, थिएटर आर्टिस्ट और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलने वाले एक्टिविस्ट के तौर पर भी जाने जाते हैं. उनकी कहानी इस बात का उदाहरण है कि जिंदगी में एक ही रास्ता चुनना जरूरी नहीं होता.
ये भी पढ़ें: 21 की उम्र में शादी, 24 में मां, पति की मौत के बाद राजस्थानी बहु ऐसे बनीं DSP
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By रवि मल्लिक
रवि मल्लिक पिछले 7 सालों से डिजिटल पत्रकारिता से जुड़े हैं. स्कूली शिक्षा से लेकर नौकरी तक की खबरों पर काम करना पसंद है. युवाओं को बेहतर करियर ऑप्शन, करंट अफेयर्स और नई वैकेंसी के बारे में बताना अच्छा लगता है. बोर्ड परीक्षा हो या UPSC, JEE और NEET एग्जाम टॉपर्स से बात करना और उनकी स्ट्रेटजी के बारे में जानना पसंद है. युवाओं को प्रेरित करने के लिए उनके बीच के मुद्दों को उठाना और सही व सटीक जानकारी देना ही उनकी प्राथमिकता है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










