प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी...

प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी...
शारदीय नवरात्र. नव पत्रिका प्रवेश के साथ श्रद्धालुओं के लिए खुला माता रानी का दरबार, उमड़ी भीड़ सिमडेगा. नव पत्रिका प्रवेश के साथ माता रानी का दरबार श्रद्धालुओं के लिए सोमवार को खोल दिया गया. विभिन्न पूजा पंडालों में महासप्तमी पर बेल वृक्ष से युग्म बेल फल को माता दुर्गा के नवपत्रिका रूप में लाकर पंडाल में प्रवेश कराया गया. पुरोहित ने विधि-विधान के साथ सभी देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना करायी गयी. पूजा के बाद माता रानी का दरबार भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिये गये. इसके साथ ही लोग पंडालों में जाकर मां की प्रतिमाओं के दर्शन कर रहे हैं. पंडालों के पट खुलते मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. भक्ति गीतों से पूरा शहर गुंजायमान हो रहा है. शहरी क्षेत्रों में आठ स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया है. दुर्गा पूजा समिति द्वारा मनमोहक प्रतिमाओं का निर्माण किया गया है. कोलकाता व ओड़िशा समेत अन्य शहरों से आये कारीगरों द्वारा भव्य पंडाल व मूर्ति का निर्माण किया गया है. राम जानकी मंदिर में पंडाल को महल का आकर्षक रूप दिया गया है. पूरे पंडाल को रंगीन फूलों व कपड़ों से सजा कर पंडाल में आकर्षक साज-सज्जा की गयी है. 30 सितंबर को संध्या में धार्मिक गीतों पर नृत्य प्रतियोगिता, एक अक्टूबर को कोलकाता से आये कलाकारों द्वारा ग्रुप डंडिया व गरबा नृत्य व दो अक्तूबर को अपराह्न तीन बजे से सिंदूर महोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. इसमें बाहर से आये कलाकार बैशाली शर्मा द्वारा भजन प्रस्तुत किया जायेगा. प्रिंस चौक पूजा पंडाल में बंगाल से आये मूर्तिकार ने मनमोहक प्रतिमा बनायी है. समिति द्वारा आकर्षक पंडाल व तोरण द्वार का निर्माण किया गया है. यहां पर महानवमी की संध्या में गरबा डांडिया व बच्चों के बीच नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा. विजयादशमी के अवसर पर सिंदूर खेल का आयोजन किया गया है.ओ मकार दुर्गा पूजा समिति झूलन सिंह चौक द्वारा नगर भवन में भी आकर्षक पंडाल बनाया गया है. रंग-बिरंगे बल्बों से साज-सज्जा की गयी है, जो लोगों को आकर्षित कर रहा है. यहां पर दो अक्टूबर को सिंदूर खेला का आयोजन किया जायेगा. यूथ कंबिनेशन गुलजार गली पूजा समिति द्वारा पूजा पंडाल को भव्य रूप से सजाया गया है.यहां की प्रतिमाएं सभी पूजा पंडालों से अलग ही रूप में स्थापित है. नीचे बाजार पूजा समिति द्वारा आकर्षक पंडाल का निर्माण किया गया है. पूरे पंडाल परिसर को रंगीन बल्बों से सजाया गया है. पूजा के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. इसके अलावा श्री दुर्गा पूजा समिति सामटोली द्वारा भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है. फूलों से पंडाल सजा कर प्रतिमाओं को स्थापित किया गया है. दुर्गा पूजा समिति कुंजनगर व रामनगर पावर हाउस में भी भव्य रूप से पंडाल निर्माण कर दुर्गा पूजन का आयोजन किया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




