सरायकेला की सड़कें बनी कब्रगाह: 10 महीनों में गयी 176 जानें, रफ्तार पर ब्रेक लगाने प्रशासन फेल
Published by : Sameer Oraon Updated At : 06 Nov 2025 8:12 PM
दुर्घटनाग्रस्त कार और सड़क के किनारे खड़े लोग, Pic Credit- Meta AI
Saraikela Road Accident: सरायकेला में वाहनों ने तेज रफ्तार का आतंक मचा रखा है. 10 महीनों में सड़क दुर्घटनाओं में 176 लोगों की मौत हो चुकी है. तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और ट्रैफिक सिस्टम की लापरवाही से जिले की सड़कें कब्रगाह बनी हुई है.
Saraikela Road Accident, सरायकेला (शचिंद्र कुमार दाश): सरायकेला-खरसावां जिले की सड़कों पर रफ्तार बेकाबू है. तेज गति और ओवरलोड वाहनों का खौफ ऐसा कि पिछले दस माह (जनवरी से अक्टूबर) के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में 176 लोगों की जान चली गयी. मृतकों में सबसे बड़ी संख्या युवाओं की है. हर हादसे के बाद सड़कें खून से लाल होती हैं, लेकिन वाहन चालकों में न तो डर है और न ही जिम्मेदारी का अहसास. अच्छी सड़कों पर वाहनों की गति पर न तो ब्रेक है और न ओवरलोडिंग पर रोक है.
सरायकेला के रास्ते पर निरीक्षण की व्यवस्था कमजोर
सरायकेला जिले में कई महत्वपूर्ण मार्गों पर निरीक्षण की व्यवस्था कमजोर है. स्पीड रडार गन की उपलब्धता नहीं होने से वाहन चालक बेखौफ होकर तेज गति से वाहन चला रहे हैं. सरायकेला से आदित्यपुर, सरायकेला-चाईबासा मार्ग, कांड्रा चौका, हाता-राजनगर और चांडिल के एनएच-33 और एनएच-32 पर सबसे ज्यादा हादसे हो रहे हैं.
Also Read: लातेहार में काम रोककर बड़ा बाबू कर रहे थे 65 हजार की मांग, ACB ने दबोचा तो घूस का ‘भूत’ उतर गया
दुर्घटनाओं के आंकड़े बढ़ते जा रहे
वर्ष 2023 में 161 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2024 में आंकड़ा बढ़कर 166 पर पहुंच गया. वर्ष 2025 के सिर्फ दस माह में ही मौत का आंकड़ा 176 पर पहुंच गया है. इसके बावजूद वाहन चालक ट्रैफिक नियमों से बेपरवाह हैं और लापरवाही बरत रहे हैं.
यातायात नियमों की अनदेखी बन रही दुर्घटना का कारण
ट्रिपल राइडिंग, नाबालिगों द्वारा ड्राइविंग, भारी वाहनों में ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार आम बात हो गई है. कई मार्गों पर स्लैग लदे वाहनों की वजह से उड़ती धूल भी दुर्घटना की वजह बन रही है.
बाइकर्स का स्टंट बढ़ा रहा खतरा
शाम होते ही कई जगहों पर खुले साइलेंसर की बाइक से स्टंट की आवाज गूंजने लगती है. इससे दुर्घटना की आशंका तो बढ़ती ही है बल्कि ध्वनि प्रदूषण भी फैलता है.
सरायकेला में 20 से अधिक ब्लैक स्पॉट चिह्नित
सरायकेला में आमदा रोड, झाबरी, आकाशवाणी मोड़, बड़ाआमदा, नागासोरेंग सहित 20 से अधिक स्थान ब्लैक स्पॉट घोषित किये गये हैं. ट्रैफिक पुलिस जुर्माना वसूलने तक सीमित है. इसके अलावा सड़क सुरक्षा की भी कड़ाई से निगरानी नहीं हो रही.
2025 में सड़क दुर्घटनाओं में मौत का ग्राफ
- जनवरी : 15
- फरवरी : 20
- मार्च : 21
- अप्रैल : 18
- मई : 20
- जून : 13
- जुलाई : 26
- अगस्त : 19
- सितंबर : 12
- अक्टूबर : 12
किन यातायात नियमों के उल्लंघन पर क्या कार्रवाई की जाती है
- बिना हेलमेट या ट्रिपल राइडिंग : 1000 रुपये जुर्माना + लाइसेंस 3 माह निलंबन
- शराब पीकर वाहन चलाना : 1000 रुपये जुर्माना
- बिना सीट बेल्ट ड्राइविंग : 1000 रुपये
- बिना बीमा वाहन : 2000 रुपये
- बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाना : 5000 रुपये
- बिना रजिस्ट्रेशन वाहन : 2000 रुपये
- बिना परमिट वाहन : 10,000 रुपये
- नाबालिग द्वारा बाइक/वाहन चलाना : 25,000 रुपये (अभिभावक पर)
- भारी वाहन ओवरलोडिंग : 20,000 रुपये + प्रति टन 2000 रुपये
- यात्री वाहन ओवरलोडिंग : प्रति यात्री 200 रुपये
Also Read: घाटशिला में CM हेमंत की हुंकार, विपक्ष पर बोला हमला, कहा- व्यापारी पहले पैर पकड़ेंगे फिर गला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










