दुमका के टीन बाजार में पूजा सामग्री की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Updated at : 12 Mar 2026 9:28 AM (IST)
विज्ञापन
Dumka News

दुमका के पूजन सामग्री की दुकान में लगी भीषण आग. फोटो: प्रभात खबर

Dumka News: दुमका के टीन बाजार इलाके में पूजा सामग्री की दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया. घटना में लाखों रुपये के सामान के जलने की आशंका है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट आग लगने की वजह हो सकती है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

दुमका से आनंद जायसवाल की रिपोर्ट

Dumka News: झारखंड की उप-राजधानी दुमका के भीड़भाड़ वाले टीन बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक पूजा सामग्री की दुकान में भीषण आग लग गई. आग लगने की घटना से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. सुबह के समय बाजार में मौजूद दुकानदार और स्थानीय लोग आग की लपटें देखकर घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी.

दमकल की टीम ने शुरू किया राहत और बचाव कार्य

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया गया. आग काफी तेजी से फैल रही थी, इसलिए दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. नगर थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी.

सामाजिक कार्यकर्ता भी पहुंचे मौके पर

आग लगने की घटना की जानकारी मिलते ही नगर परिषद के अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया, वार्ड पार्षद कनहाई प्रसाद साह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए. सभी ने मिलकर राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया. स्थानीय लोगों ने भी दमकल टीम की मदद की, ताकि आग को जल्द से जल्द काबू में किया जा सके और आसपास की दुकानों को नुकसान से बचाया जा सके.

लाखों रुपये के सामान के जलने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस आगलगी की घटना में पूजा सामग्री की दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है. दुकान में हवन सामग्री, घी, तेल, लकड़ी और अन्य पूजन सामग्री रखी हुई थी, जो काफी ज्वलनशील होती हैं. इसी वजह से आग तेजी से फैल गई और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं.

आसपास की दुकानों को बचाया गया

घटना के दौरान सबसे बड़ी चिंता यह थी कि आग आसपास की दुकानों तक न पहुंच जाए, क्योंकि टीन बाजार काफी घनी आबादी और भीड़भाड़ वाला इलाका है. हालांकि दमकल कर्मियों की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से आसपास की दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया. इससे बड़ी क्षति होने से टल गई.

इसे भी पढ़ें: कहां गया कृषि विभाग का 1.65 करोड़? पलामू में दफ्तर बनाने के लिए 15 साल पहले हुआ था आवंटित

शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका

स्थानीय लोगों और प्रारंभिक जांच के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है. हालांकि पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है. आग लगने के बाद उठ रहे धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई है.

इसे भी पढ़ें: डेपुटेशन कैंसिल होते ही फुर्र हो गए पलामू के 11 टीचर, सात महीने बाद भी नहीं लौटे ऑरिजनल स्कूल

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola