गुजरात में गूंजा मानभूम छऊ का जादू, महिषासुर मर्दिनी की प्रस्तुति ने जीता दिल
छऊ नृत्य की प्रस्तुति देता कलाकार.
गुजरात के सापूतारा मानसून फेस्टिवल में पुरुलिया छऊ डांस एकेडमी ने महिषासुर मर्दिनी की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया.
खरसावां : गुजरात के सापूतारा में आयोजित मानसून फेस्टिवल में झारखंड के निमडीह की पुरुलिया छऊ डांस एकेडमी, जामडीह (तिल्ला) की अंतर्राष्ट्रीय छऊ नृत्य मंडली ने मानभूम छऊ की ऐसी शानदार प्रस्तुति दी कि दर्शक तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाते नजर आए. अंतर्राष्ट्रीय कलाकार व संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सीनियर फेलो परेश प्रसाद पारीत के नेतृत्व में कलाकारों ने पौराणिक कथा पर आधारित ‘महिषासुर मर्दिनी’ की मनमोहक प्रस्तुति दी.
नृत्य, भाव-भंगिमा व पारंपरिक वेशभूषा ने दर्शकों को बांधा
कलाकारों ने अपनी नृत्य शैली, भाव-भंगिमा, पारंपरिक वेशभूषा और लयबद्ध प्रस्तुति के जरिए देवी दुर्गा और महिषासुर के बीच संघर्ष की कथा को मंच पर जीवंत कर दिया. प्रस्तुति के दौरान कलाकारों की ऊर्जा और छऊ की विशिष्ट शैली ने दर्शकों को पूरे समय बांधे रखा. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की.
देश-विदेश में मानभूम छऊ की पहचान बना रही मंडली
गुजरात के कला एवं संस्कृति मंत्रालय के आमंत्रण पर मंडली ने मानसून फेस्टिवल में अपनी प्रस्तुति दी. मंडली में परेश कुमार, फाल्गुनी सिंह, निरंजन पारीत, सुदीप महतो, शुभाशिष पारीत, धीरेन सिंह, संदीप महतो और आकाश प्रमाणिक आदि कलाकार शामिल रहे. मंडली इससे पहले देश के विभिन्न शहरों में भी छऊ नृत्य की प्रस्तुति दे चुकी है. वर्ष 2023 में उत्तरी अमेरिका के मेक्सिको में आयोजित सांता लुसिया फेस्टिवल में भी मंडली ने छऊ नृत्य की प्रस्तुति दी थी. इसके जरिए मानभूम की इस लोकनृत्य परंपरा को अंतर्राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया गया. लगातार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शन के माध्यम से मंडली छऊ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिला रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By शचिंद्र कुमार दाश
शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










