Seraikela Kharsawan News : निर्माण कार्य समय पर हो, नक्सल क्षेत्रों में निगरानी बढ़ायें
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 26 Jun 2025 11:45 PM
नक्सल क्षेत्रों में बिजली, इंटरनेट, स्वास्थ्य और बैंकिंग सुविधाओं पर फोकस करें
सरायकेला. सरायकेला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह व एसपी मुकेश लुणायत की संयुक्त अध्यक्षता में यूनिफाइड कमांड समिति की बैठक हुई. बैठक में डीसी ने जिले के नक्सल प्रभावित एवं सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने एवं उनमें गुणात्मक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. बैठक में उपायुक्त ने सभी बीडीओ व सीओ को नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की नियमित निगरानी और समीक्षा करने का निर्देश दिया. उन्होंने विद्युत सेवा से वंचित गांवों एवं टोलों में शीघ्र बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बीएसएनएल द्वारा स्थापित नेटवर्क टावरों को शीघ्र सक्रिय कर इंटरनेट एवं संचार सुविधाएं शुरू करने के निर्देश भी दिये. इसके अलावा, कुचाई प्रखंड के नक्सल प्रभावित पंचायतों एवं पुलिस कैंपों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने, प्रत्येक 15 दिन के अंतराल पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता प्रदान करने तथा बरसात के मौसम को देखते हुए पुलिस कैंप एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में एंटी मलेरिया पाउडर का छिड़काव करने के निर्देश दिये गये. उपायुक्त ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बैंक शाखाओं के माध्यम से बैंकिंग एवं इंटरनेट सुविधाएं उपलब्ध कराने और सीमा क्षेत्र के गांवों में रहने वाले लोगों से बेहतर समन्वय स्थापित कर उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया. बैठक में डीडीसी रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला निवेदिता नियति, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुरेन्द्र उराव, उप समाहर्ता (सामान्य शाखा) सतेन्द्र महतो सहित विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ सीओ एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










