जेल में बंद नक्सली के नाम पर मांगी रंगदारी, हत्या की दी धमकी

Updated:
विज्ञापन
हजारीबाग जेल में बंद नक्सली महाराज प्रमाणिक के नाम पर चांडिल के व्यवसायी से मांगी रंगदारी, हत्या की धमकी दी

चांडिल में व्यवसायी से नक्सली महाराज प्रमाणिक के नाम पर 20 हजार रुपये रंगदारी मांगी गई. जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

चांडिल थाना क्षेत्र के धातकीडीह गांव निवासी व्यवसायी सुफल मुर्मू से हजारीबाग जेल में बंद नक्सली महाराज प्रमाणिक के नाम पर हर माह 20 हजार रुपये मांगने का मामला सामने आया है. इस संबंध में व्यवसायी ने चांडिल थाने में लिखित शिकायत की है. उन्होंने बताया कि रुपये नहीं देने पर अपराधियों ने जान से मारने की धमकी दी है. पीड़ित ने संबंधित मोबाइल नंबरों की जांच, मामला दर्ज करने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है.

शिकायत के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की रात करीब 8:33 बजे सुफल के सहयोगी नरेश कुमार साहू के मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को महाराज प्रमाणिक बताया. इसके बाद कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए राजू कुम्हार, कार्तिक प्रमाणिक, राजू किस्कू और नयन सोरेन समेत अन्य लोगों को जोड़कर हर माह 20 हजार रुपये देने का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई.

भालूकोचा के होटल में बुलाकर डराने का आरोप

पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे भालूकोचा स्थित एक होटल में बुलाकर हथियार दिखाकर डराने की कोशिश की गई, जहां से वह किसी तरह जान बचाकर निकल गया. अगले दिन रास्ते में रोककर रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई.

पुलिस कर रही मामले की जांच

"मामला पहली नजर में संदिग्ध लग रहा है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी." - संतन तिवारी, थाना प्रभारी, चांडिल


विज्ञापन
Himanshu Gope

लेखक के बारे में

By Himanshu Gope

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola