सरायकेला के लाल ने रचा सफलता का नया अध्याय, IT कंपनी इंफोसिस के अगले CEO के रुप में हुआ चयन

कृष्णापुर गांव का फोटो | Prabhat Khabar Network
सरायकेला के आशीष कुमार दाश को इंफोसिस का नया सीईओ नियुक्त किया गया है. वे 1 अप्रैल 2027 को अपना पद संभालेंगे. यह झारखंड के लिए गर्व का विषय है.
राजनगर (जमशेदपुर): सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के छोटे से गांव कृष्णापुर के रहने वाले आशीष कुमार दाश ने वैश्विक कॉरपोरेट जगत में झारखंड का नाम रोशन किया है. देश की प्रमुख आईटी कंपनी इंफोसिस के अगले सीईओ के रूप में उनका चयन किया गया है. वह 1 अप्रैल 2027 को कंपनी के नए सीईओ का पद संभालेंगे. उनकी नियुक्ति पांच वर्ष के लिए की गई है.
आशीष कुमार दाश की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की प्रतिभा और क्षमता का उदाहरण है. सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई कर वैश्विक कंपनी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है. उनके चयन से सरायकेला-खरसावां और पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है.
गांव की पाठशाला से आईआईटी खड़गपुर तक का सफर
आशीष कुमार दाश की सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और लगन रही है. स्वर्गीय प्रसन्न कुमार दाश के चौथे पुत्र आशीष ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कुड़मा के प्राथमिक विद्यालय और राजनगर के राजकीय बुनियादी विद्यालय से पूरी की. उन्होंने एसएस हाईस्कूल, राजनगर से वर्ष 1987 में प्रथम श्रेणी से मैट्रिक की परीक्षा पास की. इसके बाद वर्ष 1989 में टाटा कॉलेज, चाईबासा से आईएससी की पढ़ाई पूरी की और देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी खड़गपुर में प्रवेश लिया. आईआईटी से प्राप्त तकनीकी शिक्षा ने उनके करियर को नई दिशा दी और आगे चलकर वैश्विक स्तर पर नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
वैश्विक आईटी जगत में बनाई पहचान
आईआईटी खड़गपुर से शिक्षा पूरी करने के बाद आशीष कुमार दाश ने बेंगलुरु से अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत की. इसके बाद उन्होंने भुवनेश्वर और अमेरिका में रहते हुए आईटी क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. अपनी दूरदर्शिता, तकनीकी समझ और नेतृत्व क्षमता के बल पर उन्होंने इंफोसिस में लगातार सफलता हासिल की. उन्होंने एआई, क्लाउड और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसे क्षेत्रों में कई वैश्विक कंपनियों के साथ काम किया और उन्हें नई तकनीकों को अपनाने में मदद की.
सीनियर एंगेजमेंट मैनेजर के रूप में की थी करियर की शुरूआत
लगभग 31 वर्षों से इंफोसिस से जुड़े आशीष ने वर्ष 1995 में कंपनी में सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में अपना करियर शुरू किया था. बाद में वह एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे. उन्होंने सर्विसेज, यूटिलिटीज, रिसोर्सेज, एनर्जी और सस्टेनेबिलिटी जैसे क्षेत्रों में नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने 500 से अधिक ग्लोबल कंपनियों को एआइ, क्लाउड और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन टेक्निक को अपनाने में मदद की है.
ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा
आशीष कुमार दाश के बड़े भाई सनद कुमार दाश ने कहा कि परिवार को हमेशा उनकी मेहनत और क्षमता पर भरोसा था, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साबित हुआ है. कृष्णापुर गांव और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए यह गर्व का क्षण है. उनकी सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर छोटे गांवों से निकलकर भी दुनिया के बड़े मंचों तक पहुंचा जा सकता है.
आयुर्वेद और सेवा की विरासत से जुड़ा परिवार
आशीष कुमार दाश का परिवार शिक्षा के साथ-साथ आयुर्वेद और समाजसेवा की परंपरा से भी जुड़ा रहा है. उनके दादाजी सरायकेला राजघराने के राजवैद्य (कविराज) थे और क्षेत्र में चिकित्सा सेवा के लिए सम्मानित माने जाते थे. उनके पिता स्वर्गीय प्रसन्न कुमार दाश भी प्रतिष्ठित कविराज थे. उन्होंने लंबे समय तक ग्रामीणों का उपचार कर समाज सेवा की और अपनी विद्वता व सरल स्वभाव से लोगों के बीच पहचान बनाई.
आईआईटी के बाद मिला था पहला प्लेसमेंट
आईआईटी खड़गपुर से पढ़ाई पूरी करने के बाद आशीष कुमार दाश को पहला प्लेसमेंट बेंगलुरु में मिला, जहां से उनके पेशेवर सफर की शुरुआत हुई. इसके बाद उन्होंने भुवनेश्वर में भी काम किया और वर्तमान में अमेरिका में रहकर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. राजनगर के एक छोटे से गांव से निकलकर इंफोसिस जैसी वैश्विक कंपनी के शीर्ष पद तक पहुंचने वाला आशीष कुमार दाश का सफर झारखंड के लिए गौरव और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का अध्याय बन गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रताप कुमार मिश्रा
प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










