बिहार बंद: छपरा में बवाल, सीवान में कॉकरोच बनकर पहुंचा छात्र, पटना MLC क्वार्टर में भारी पुलिस बल तैनात, जानिए अब तक क्या-क्या हुआ

सिवान में कॉकरोच के गेटअप में छात्र, छपरा में बवाल की तस्वीर
Bihar Bandh 25 July: NEET पेपर लीक के विरोध में आज बिहार बंद है. छात्र संगठनों के आह्वान पर राज्य के कई जिलों में प्रदर्शन हो रहे हैं. छपरा, सीवान, पटना, मधेपुरा और अन्य जिलों में छात्र सड़कों पर उतर आए हैं. कई जगह प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है.
Bihar Bandh 25 July: NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आज बिहार बंद बुलाया गया है. छात्र संगठन AISA और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) के आह्वान पर राज्य के कई जिलों में प्रदर्शन शुरू हो गया है. सुबह से ही छात्र सड़कों पर उतर रहे हैं. पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है.
छपरा में छात्रों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए सरकारी बिल्डिंग में चढ़कर पोस्टर फाड़ दिए. छात्र बैरिकेडिंग लेकर भागते नजर आए. बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़क पर उतरे हैं, इस दौरान जज की गाड़ी भी फंसी दिखी.
सीवान में कॉकरोच के गेटअप में पहुंचा छात्र
बिहार बंद के दौरान सीवान में प्रदर्शन का अनोखा अंदाज देखने को मिला. एक छात्र कॉकरोच के गेटअप में प्रदर्शन स्थल पर पहुंचा. इस दौरान प्रदर्शन खत्म कराने को लेकर प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस भी हुई. पुलिस पूरे इलाके में निगरानी बनाए हुए है.
मधेपुरा में नारेबाजी, कई छात्र हिरासत में
मधेपुरा में बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया. इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.
दरभंगा और बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा बढ़ी
दरभंगा और बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है.

70 हजार जवानों की तैनाती, कई जिलों में स्कूल बंद
बिहार बंद को देखते हुए पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. करीब 70 हजार पुलिसकर्मी और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं.
पटना, औरंगाबाद समेत कई जिलों में एहतियातन स्कूल बंद रखे गए हैं. राजधानी के डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, करगिल चौक, अशोक राजपथ, हाईकोर्ट, मुख्यमंत्री आवास और अन्य संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल मौजूद है.
केंद्रीय सुरक्षा बल भी मोर्चे पर
स्थानीय पुलिस के साथ CISF, BSF, SSB और CRPF के जवान भी तैनात किए गए हैं. जेपी गोलंबर पर वाटर कैनन के साथ करीब 200 जवान लगाए गए हैं. विधानसभा, पटना जंक्शन, एयरपोर्ट, राजेंद्रनगर टर्मिनल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.
रोहिणी आचार्य ने सरकार को घेरा
RJD नेता रोहिणी आचार्य ने छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि प्रदर्शन करने वाले छात्र अपराधी नहीं हैं. उन्होंने लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया.
CPI(ML) ने नेताओं की रिहाई की मांग की
बिहार बंद से पहले CPI(ML) ने आरोप लगाया कि AISA और पार्टी से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है. पार्टी ने संदीप सौरव, धनंजय, दीपांकर समेत अन्य नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग की है. संगठन ने आंदोलन जारी रखने का भी ऐलान किया है.

बिहार बंद से जुड़े लेटेस्ट अपडेट के लिए यहां क्लिक करें
एमएलसी क्वार्टर में पहली बार इतनी सख्त सुरक्षा
छात्र आंदोलन को देखते हुए पटना स्थित एमएलसी क्वार्टर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन नेताओं और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर भी पूरी तरह सतर्क है.

सीवान में एसपी और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस
सीवान में प्रदर्शन के दौरान एसपी पूरन कुमार झा ने प्रदर्शनकारियों से आंदोलन खत्म करने की अपील की. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक बहस हुई. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें डराने की कोशिश की गई. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.
पूरे दिन रहेगी नजर
बिहार बंद के दौरान प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है. कई जिलों में प्रदर्शन जारी है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं. दिनभर अलग-अलग जिलों से प्रदर्शन और प्रशासनिक कार्रवाई से जुड़े अपडेट सामने आने की संभावना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










