सांस्कृतिक कार्यक्रम चयन समारोह में 11 विद्यालयों की छात्राओं ने दी प्रस्तुति

Updated:
विज्ञापन
सांस्कृतिक कार्यक्रम चयन समारोह में 11 विद्यालयों की छात्राओं ने दी प्रस्तुति

सभागार तालियों की गूंज से भर उठा.

विज्ञापन

साहिबगंज

आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य और यादगार बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार को सिदो-कान्हू सभागार में सांस्कृतिक चयन समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जिले के कुल 11 विद्यालयों की छात्राओं को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने मुख्य समारोह में प्रस्तुति देने के लिए अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. चयन समारोह के दौरान छात्राओं ने देशभक्ति गीत, मनोहारी नृत्य एवं समूह प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम और सांस्कृतिक विविधता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया. मंच पर प्रस्तुत हर कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की झलक साफ देखने को मिली, जिससे सभागार तालियों की गूंज से भर उठा. सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन जिला प्रशासन द्वारा गठित चयन समिति के माध्यम से किया जा रहा है. समिति प्रस्तुतियों की गुणवत्ता, विषयवस्तु, संदेश और मंचीय प्रभाव के आधार पर अंतिम चयन करेगी. चयनित छात्राओं को 25 जनवरी को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय सांस्कृतिक समारोह में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा. इस संबंध में जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष ने बताया कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर उत्कृष्ट और प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के उद्देश्य से 11 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया गया है. उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी. जिला शिक्षा अधीक्षक ने आगे कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है. साथ ही कला और संस्कृति के प्रति उनकी रुचि भी बढ़ती है. जिला प्रशासन का प्रयास है कि गणतंत्र दिवस समारोह में स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिले और राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय तरीके से मनाया जा सके. मौके पर जेएसएलपीएस के माटिन तारिक, एसडीओ शिक्षा लक्ष्मण यादव, एपीओ संजय तिवारी, मनीष गुप्ता सहित कई सदस्य उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Abdhesh Singh

लेखक के बारे में

By Abdhesh Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola