साहिबगंज के बाबा गाजेश्वरनाथ धाम में श्रावणी मेले का शुभारंभ, गूंजे 'हर हर महादेव' के जयकारे
साहिबगंज के बाबा गाजेश्वरनाथ धाम में श्रावणी मेला के शुभारंभ के मौके पर एसपी-डीसी को तिलक लगाते पुजारी. फोटो: प्रभात खबर
झारखंड के साहिबगंज स्थित बाबा गाजेश्वरनाथ धाम (शिवगादी) में श्रावणी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ. जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. जानिए मेले में क्या हैं खास व्यवस्थाएं.
बरहेट से नागराज साह की रिपोर्ट
Baba Gajeshwarnath Dham: सावन के पवित्र महीने की शुरुआत के साथ ही साहिबगंज जिले के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा गाजेश्वरनाथ धाम (शिवगादी) में गुरुवार को माहव्यापी राजकीय श्रावणी मेले का विधिवत व भव्य उद्घाटन किया गया. मुख्य अतिथि झामुमो केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा, विशिष्ट अतिथि उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह एवं झामुमो युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष संजय गोस्वामी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर मेले की शुरुआत की. इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच बाबा गाजेश्वरनाथ, हर हर महादेव, बोल बम के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा.
डीसी-एसपी ने पीतांबरी शिवलिंग पर किया जलार्पण
उद्घाटन के बाद डीसी-एसपी ने पीतांबरी शिवलिंग पर जलार्पण कर पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की. वहीं, शिवगादी प्रबंध समिति की ओर से सभी अतिथियों को बारी-बारी से मोमेंटो और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
साहिबगंज के विकास के लिए सीएम प्रतिबद्ध: पंकज मिश्रा
इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए झामुमो केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा ने कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा और पूरे साहिबगंज जिले के विकास के लिए हमेशा कटिबद्ध रहे हैं. शिवगादी धाम का विकास उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है. इसीलिए, शिवगादी पहाड़ पर श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए रोप-वे निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासनिक कागजी कार्रवाई और सर्वेक्षण का काम तेजी से चल रहा है.
श्रद्धालुओं को मिलेंगी सारी सुविधाएं
उन्होंने कहा कि यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सारी सुविधाएं मिलेंगी. सुगमता से जलार्पण हो इसका ध्यान कमिटी द्वारा रखा जा रहा है. उन्होंने मेले में आने वाले लाखों कांवरियों और भक्तों की सुरक्षा व स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जीवन रक्षक दवाएं, ओआरएस और डॉक्टरों के टीम की 24 घंटे तैनाती की बात कही. साथ ही पूरे रूट में चलंत शौचालय और पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया.
डुमरिया मौजा में बनेगा हेलीपैड
कार्यक्रम में पंकज मिश्रा ने कहा कि बरहेट को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से विकसित किया जा रहा है. मंदिर परिसर से बिल्कुल सटे डुमरिया मौजा में एक आधुनिक हेलीपैड का निर्माण प्रस्तावित है. इस हेलीपैड के बनने से क्षेत्र में वीवीआईपी मूवमेंट और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं आसान हो जायेंगी. बताया कि कुछ स्थानीय ग्रामीणों के आपसी मतभेद और भूमि संबंधी आपत्तियों की वजह से हेलीपैड का निर्माण कार्य फिलहाल रुका हुआ है. उन्होंने अपील किया कि विकास के कार्यों में किसी भी प्रकार की राजनीति या व्यक्तिगत विरोध नहीं होना चाहिये. इसीलिये, प्रशासन का सहयोग करें ताकि निर्माण कार्य अविलंब शुरू हो सके.
मौके पर ये रहे मौजूद
मौके पर सांसद प्रतिनिधि संजीव सामू हेम्ब्रम, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नार्ड मरांडी, सदर एसडीओ अमर जॉन आईंद, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलाल, राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी व अन्य मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: JPSC-JSSC परीक्षाओं में गड़बड़ी पर कांग्रेस से हस्तक्षेप की मांग, बंधु तिर्की ने सौंपे पांच अहम सुझाव
इसे भी पढ़ें: झारखंड विश्वविद्यालयों में एसोसिएट प्रोफेसर नियुक्ति पर हाईकोर्ट सख्त, JPSC से मांगी अपडेटेड स्टेटस रिपोर्ट
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए