संताल परगना के इतिहास के तीन पड़ाव: राजमहल...जहां गंगा किनारे बदली थी मुगल सत्ता की धुरी

राजमहल की ऐतिहासिक बारादरी मुगल काल की एक महत्वपूर्ण इमारत
राजमहल की पहाड़ियां सिर्फ प्राकृतिक धरोहर नहीं, बल्कि मुगल सत्ता के बदलते केंद्र की गवाह हैं. जानें कैसे 16वीं सदी में राजा मानसिंह ने इसे बंगाल की राजधानी बनाकर इतिहास रचा.
संथाल परगना: साहिबगंज जिले की राजमहल पहाड़ियां केवल प्राकृतिक धरोहर नहीं है, बल्कि ये उस दौर की गवाह हैं जब मुगल साम्राज्य ने पूर्वी भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए सत्ता का केंद्र बदल दिया था. 16वीं शताब्दी के अंतिम वर्षों में बंगाल मुगल शासन के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण सूबा था. अफगान शासकों और स्थानीय शक्तियों के प्रतिरोध को नियंत्रित करने के लिए सम्राट अकबर ने अपने विश्वस्त सेनापति राजा मानसिंह को बंगाल का सूबेदार बनाकर भेजा, इतिहासकार अब्दुल कादिर बदायूंनी और अबुल फजल की रचनाओं में अकबरकालीन प्रशासन और बंगाल अभियानों का उल्लेख मिलता है.
राजा मानसिंह ने 1595 ई. के आसपास राजमहल को बंगाल की राजधानी बनाया, इससे पहले बंगाल की प्रशासनिक गतिविधियां गौड़ और तांडा जैसे पुराने केंद्रों से संचालित होती थी, लेकिन गंगा के बदलते प्रवाह, बाढ़ और सामरिक कठिनाइयों के कारण नया केंद्र जरूरी हो गया था. राजमहल का चयन केवल राजनीतिक फैसला नहीं था. यहां से गंगा जलमार्ग के जरिए बंगाल के बंदरगाहों तक पहुंच आसान थी. दूसरी ओर, राजमहल की पहाड़ियां प्राकृतिक सुरक्षा कवच की तरह थीं. बिहार, बंगाल और उत्तर-पूर्व की ओर जाने वाले रास्तों पर नियंत्रण के लिए यह स्थान बेहद उपयोगी था.
राजमहल की ऐतिहासिक बारादरी मुगल काल की एक महत्वपूर्ण इमारत है. इसका निर्माण 17वीं शताब्दी में बंगाल के सूबेदार शाह शुजा के शासनकाल से जोड़ा जाता है. पत्थर और ईंटों से निर्मित इस संरचना में बारह प्रवेश द्वार होने के कारण इसका नाम बारह द्वारी पड़ा. यह संरचना प्रशासनिक बैठकों, शाही विश्राम और समारोहों के लिए उपयोग में आती थी.
गंगा नदी, पहाड़ियों और व्यापारिक मार्गों के संगम ने राजमहल को मुगलों के लिए सैन्य और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र बनाया

मुगल वैभव की निशानियां जामा मस्जिद
राजा मानसिंह द्वारा बनवायी गयी जामा मस्जिद आज भी उस दौर की स्थापत्य कला का महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जाती है. इसका निर्माण लगभग 1596 ई के आसपास माना जाता है. मस्जिद के विशाल मेहराब, गुंबद और लाल पत्थर की शैली मुगल स्थापत्य की पहचान को दशोते है. यह केवल धार्मिक स्थल नहीं था, बल्कि नई राजधानी में मुगल सता और संस्कृति की मौजूदगी का प्रतीक भी था.

सिंघी दलान : व्यापार और प्रशासन का केंद्र
राजमहल में स्थित सिधी दलान भी मुगलकालीन इतिहास की महत्वपूर्ण कड़ी है. यह क्षेत्र उस समय व्यापारिक और प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र था. गंगा मार्ग से आने वाले व्यापारी, अधिकारी और सैनिक इस इलाके से जुड़े रहते थे. मुगलों के लिए राजमहल केवल राजधानी नहीं था, बल्कि बंगाल पर नियंत्रण रखने का रणनीतिक केंद्र था. यहां से राजस्व वसूली, सैन्य संचालन और सीमावर्ती इलाकों की निगरानी की जाती थी. हालांकि बाद में राजनीतिक परिस्थितिया बदली. मुगल बादशाह शाहजहां के पुत्र शाह शुजा के समय और फिर अंग्रेजों के आगमन के बाद सता का केंद्र धीरे-धीरे बदलता गया. 18वीं शताब्दी में मुर्शिदाबाद बंगाल की प्रमुख राजधानी बन गया.

तेलियागढ़ी दर्श: पहाड़ों के बीच इतिहास का रास्ता
राजमहल की पहाड़ियों के बीच स्थित तेलियागढ़ी दर्रा कभी बंगाल और बिहार को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मागौं में शामिल था. मुगल काल से लेकर बाद के दौर तक इसका सामरिक और व्यापारिक महत्व रहा. यह रास्ता इतिहास के कई निर्णायक दौरों का साक्षी है. इतिहासकार जेम्स फर्ग्यूसन और ब्रिटिश कालीन लेखक डब्ल्यू डब्ल्यू हंटर ने भी राजमहल की ऐतिहासिक महत्ता का उल्लेख किया है. हंटर की पुस्तक द एनल्स ऑफ बंगाल में राजमहल क्षेत्र की राजनीतिक भूमिका और मुगल प्रशासनिक महत्व का वर्णन मिलता है. 1595 ई. में राजा मानसिंह का लिया गया निर्णय राजमहल को इतिहास के नक्शे पर अमर कर गया.
कहानी 02: गंगा के रास्ते आये अंग्रेज पहाड़ों के बीच फैलाया साम्राज्य

संताल परगना की कहानी केवल जंगल, पहाड़ और जनजातीय संस्कृति की नहीं है, बल्कि यह उस दौर की भी गवाह है जब एक व्यापारिक कंपनी धीरे-धीर राजनीतिक शक्ति में बदल गयी, गंगा का जलमार्ग, राजमहल की रणनीतिक स्थिति और पहाड़ी इलाकों की भौगोलिक संरचना ने इस क्षेत्र को अंग्रेजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण बना दिया था. जब ईस्ट इंडिया कंपनी ने यहां कदम बढ़ाया, उस समय यह इलाका मुख्य रूप से बंगाल के नवाबों के अधीन था. 1757 के प्लासी युद्ध और 1764 के बक्सर युद्ध के बाद कंपनी की ताकत बढ़ी. इसके बाद 1765 ई. में मुगल बादशाह शाह आलम द्वितीय से बंगाल, बिहार और ओडिशा की दीवानी मिलने के साथ कंपनी को इस क्षेत्र में राजस्व व प्रशासनिक अधिकार मिल गये. इस बदलाव का उल्लेख ईस्ट इंडिया कंपनी के प्रशासनिक अभिलेखों में मिलता है.
राजमहल बना अंग्रेजों का रणनीतिक प्रवेश द्वार
अंग्रेजों के लिए राजमहल क्षेत्र सबसे महत्वपूर्ण केंद्रों में से एक था. गंगा उस समय व्यापार और परिवहन की मुख्य धारा थी. राजमहल गंगा किनारे होने के कारण बंगाल और उत्तर भारत के बीच संपर्क का प्रमुख पड़ाव बन गया. इतिहासकार डब्ल्यू डब्ल्यू हंटर ने अपनी पुस्तक 'अनल्स आफ रूरल बंगाल' (1868) में इस क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक बदलाव और स्थानीय समाज का विस्तृत वर्णन किया है. गंगा मार्ग से नमक, कपड़ा, अनाज, अफीम और अन्य व्यापारिक वस्तुओं का परिवहन होता था. राजमहल और साहिबगंज के घाट व्यापारिक गतिविधियों के केंद्र बने.
दामिन-ए-कोह से बदली प्रशासन की रणनीति
पहाड़ी और वन क्षेत्रों पर नियंत्रण के लिए अंग्रेजों ने अलग प्रशासनिक व्यवस्था बनायी.1832 ई. में दामिन-ए-कोह क्षेत्र का गठन किया गया. ब्रिटिश प्रशासन ने यहां संताल समुदायों को बसाया, लेकिन बढ़ते लगान, महाजनी शोषण और प्रशासनिक हस्तक्षेप से असंतोष बढ़ा. इसी पृष्ठभूमि में 1855 का संताल हुल हुआ, जिसमें सिदो, कान्ह, चाँद और भैरव के नेतृत्व में संताल समुदाय ने अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ विद्रोह किया. इसकी जानकारी संताल परगना गजेटियर और ब्रिटिश प्रशासनिक रिपोर्टों में मिलती है. राजमहल की पहाड़ियां, साहिबगंज के घाट और पुराने प्रशासनिक ढांचे आज भी उस दौर की कहानी कहते हैं. संताल परगना में अंग्रेजों का प्रवेश व्यापार के रास्ते हुआ था, लेकिन धीरे-धीरे वहीं रास्ता सत्ता विस्तार का माध्यम बन गया.
अंग्रेजों ने व्यापार के लिए विकसित किये परिवहन मार्ग
अपने व्यापार को मजबूत करने के लिए अंग्रेजों ने जलमार्ग के साथ सड़क और रेल संपर्क विकसित किये. साहिबगंज क्षेत्र में गंगा घाटों का महत्व बढ़ा. बाद में 1859 ई के आसपास ईस्ट इंडियन रेलवे के साहिबगंज खंड के विकास ने बंगाल और उत्तर भारत के बीच संपर्क को नयी गति दी. ब्रिटिशकालीन गजेटियरों और रेलवे रिकॉर्ड में इस क्षेत्र के परिवहन महत्व का उल्लेख मिलता है. आज भी साहिबगंज के पुराने घाट, रेलवे से जुड़े अवशेष और औपनिवेशिक काल की इमारतें उस दौर की व्यापारिक गतिविधियों की गवाही देते हैं.
कहानी 03: बिना तार, नक्शे व सेना के सिदो कान्हू ने बनाया था गुप्त नेटवर्क

30 जून 1855 को भोगनाडीह से उठी हूल की आवाज कुछ ही दिनों में संताल परगना के दूर-दराज के पहाड़ी गांवों तक पहुंच गयी. अंग्रेजों के लिए सबसे बड़ा सवाल था कि बिना किसी आधुनिक संचार साधन के हजारों लोग एक साथ कैसे संगठित हो गये? हुल का यह पहलू सैन्य घटनाओं के पीछे अक्सर दब जाता है. दरअसल, यह अचानक हुआ विस्फोट नहीं, बल्कि लंबे समय से जमा असंतोष, मजबूत सामुदायिक संगठन और संदेशों की पारंपरिक व्यवस्था का संगठित परिणाम था.
गांव बने हूल के संचार केंद्र
हूल के दौरान सताल गाव केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि आदोलन के केंद्र बन गये थे. मांदर की आवाज, सामुदायिक बैठके और पारंपरिक नेतृत्व व्यवस्था के जरिये सूचनाएं तेजी से फैलती थी. किसी संदेश के लिए तार या औपचारिक संचार व्यवस्था की जरूरत नहीं थी. हंटर ने संताल समाज की ग्राम व्यवस्था और सामुदायिक अनुशासन का उल्लेख करते हुए बताया है कि बाहरी प्रशासन से अलग उनकी अपनी सामाजिक संरचना मजबूत थी. यही ढांचा विद्रोह के समय संगठन की शक्ति बन गया.
साल की डालियों से पहुंचा विद्रोह का संदेश
ब्रिटिश इतिहासकार डब्ल्यू डब्ल्यू हंटर ने अपनी पुस्तक 'अनल्स ऑफ रूरल बंगाल' (1868) में लिखा है कि संताल समाज के भीतर संदेश पहुंचाने की अपनी पारंपरिक व्यवस्था थी. विद्रोह से पहले साल की डालियों और संदेशवाहकों के माध्यम से विभिन्न पहाड़ी इलाकों में लोगों को एकत्र किया गया. संताल समाज की मजबूत ग्राम व्यवस्था, पारंपरिक नेतृत्व और सामुदायिक अनुशासन ने इस संगठन को ताकत दी.
अंग्रेजों के पास टेलीग्राफ, संतालों के पास जंगल
हूल की सबसे बड़ी रणनीतिक ताकत थी राजमहल की पहाड़ियां और दामिन-ए-कोत का दुर्गम भूगोल. ब्रिटिश सेना खुले मैदानों की युद्ध पद्धति में प्रशिक्षित थी, लेकिन पहाड़ी रास्तों, जंगलों और घाटियों में उसकी गति सीमित हो जाती थी. स्थानीय लोगों के लिए परिचित पगडंडियां बाहरी सैनिकों के लिए बड़ी चुनौती थीं. इतिहासकार केके दत्ता ने 'द संताल इंश्योरेक्शन ऑफ 1855-56' में बताया है कि विद्रोह केवल स्थानीय झड़पों तक सीमित नहीं था. संतालों ने प्रशासनिक ढांचे को चुनौती देने वाला व्यापक आंदोलन खड़ा किया था. हल के फैलाव में स्थानीय संगठन और ग्रामीण भागीदारी की उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका मानी है.
राजमहल की पहाड़ियां बनी 'चलता-फिरता किला'
ब्रिटिश अधिकारियों के लिए राजमहल क्षेत्र की सबसे बड़ी चुनौती उसका भूगोल था. हर रास्ता स्थानीय लोगों को मालूम था, लेकिन बाहरी सैनिकों के लिए वहीं रास्ते कठिन थे. पहाड़ी जंगलों में छिपना, अचानक हमला करना और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचना संताल योद्धाओं की रणनीति का हिस्सा था. 1855 के ब्रिटिश दस्तावेजों में विद्रोह को दबाने के लिए लगातार अतिरिक्त सैन्य बल भेजने का उल्लेख मिलता है. हंटर ने भी लिखा है कि सामान्य पुलिस व्यवस्था हुल को नियंत्रित करने में पर्याप्त नहीं रही और सैन्य हस्तक्षेप करना पड़ा. अंग्रेजों के पास बंदूकें, प्रशिक्षित सैनिक और प्रशासनिक ताकत थी. संतालों के पास सीमित हथियार थे, लेकिन अपनी जमीन, जंगल और समुदाय का भरोसा था. यही हुल की असली ताकत बनी, 1855-56 का हुल केवल सैन्य संघर्ष नहीं, बल्कि औपनिवेशिक शासन के सामने खड़ा हुआ संगठित जनप्रतिरोध था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










