साहिबगंज में साइबर ठगी, मोबाइल हैक कर युवक के खाते से 96,666 रुपये उड़ाए

अंधेरे में बैठा साइबर अपराधी प्रतीकात्मक तस्वीर (AI generated)
Sahibganj News : साहिबगंज में एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया. मोबाइल फोन में अचानक आई गड़बड़ी के बाद उसके बैंक खाते से यूपीआई के जरिए 96,666 रुपये निकाल लिए गए. पूरी खबर नीचे पढ़ें.
इमरान की रिपोर्ट
Sahibganj News : झारखंड के साहिबगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के कृष्णानगर स्थित एन क्लब के सामने रहने वाले शंकर मंडल साइबर ठगी का शिकार हो गए. साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 96,666 रुपये की अवैध निकासी कर ली. मामले को लेकर पीड़ित ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की मांग की है.
मोबाइल ब्लैक होने के बाद साइबर ठगी का आरोप
पीड़ित शंकर मंडल ने अपने आवेदन में बताया है कि 6 जून 2026 को उनके साथ साइबर फ्रॉड की घटना हुई. उन्होंने बताया कि अपना मोबाइल फोन चार्जिंग में लगाकर कुछ देर के लिए बाहर गए थे. वापस लौटने पर मोबाइल की स्क्रीन पूरी तरह ब्लैक हो गई थी और फोन के अंदर से ऑडियो जैसी आवाजें आ रही थीं. काफी प्रयास के बावजूद मोबाइल सामान्य नहीं हुआ. करीब 15 से 20 मिनट बाद मोबाइल खुद चालू हो गया.
बिना OTP खाते से 96,666 रुपये निकले
मोबाइल चालू होने के बाद उनके फोन पर बैंक खाते से राशि निकासी का संदेश प्राप्त हुआ. संदेश देखने पर पता चला कि उनके खाते से यूपीआई के माध्यम से 96,666 रुपये की निकासी कर ली गई है. शंकर मंडल का कहना है कि इस दौरान उन्हें न तो किसी प्रकार का ओटीपी प्राप्त हुआ और न ही कोई फोन कॉल आया था. ऐसे में उन्हें आशंका है कि साइबर अपराधियों ने मोबाइल हैक कर उनके खाते से राशि उड़ाई है.
साइबर ठगी की शिकायत दर्ज, रकम वापसी की मांग
आवेदन में उन्होंने उल्लेख किया है कि घटना की शिकायत उन्होंने भारत सरकार के राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी दर्ज कराई है. इसके बाद उन्होंने नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए साइबर ठगी का मामला दर्ज करने और उनके खाते से निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है.
मामले की जांच शुरू, कानूनी कार्रवाई का भरोसा
इधर, नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता ने बताया कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है. साइबर अपराध से संबंधित सभी पहलुओं की पड़ताल कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : गढ़वा में ‘आपन सरस्वतिया’ बना जनआंदोलन, ड्रोन से नदी को नया आकार देने का प्रयास
यह भी पढ़ें : Jamshedpur: कोवाली थाना प्रभारी पर वृद्ध से मारपीट और रिश्वत मांगने का आरोप, एसएसपी से शिकायत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रिया गुप्ता
प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










