Jamshedpur: कोवाली थाना प्रभारी पर वृद्ध से मारपीट और रिश्वत मांगने का आरोप, एसएसपी से शिकायत

Published by : AmleshNandan Sinha Updated At : 07 Jun 2026 9:59 PM

विज्ञापन

शिकायत की प्रति दिखाता शिकायतकर्ता

Jamshedpur: जमशेदपुर के कोवाली थाना प्रभारी पर एक वृद्ध व्यक्ति ने मारपीट और रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

विज्ञापन

Jamshedpur: पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली थाना क्षेत्र के हेंसड़ा गांव निवासी करण बेरा ने वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पूर्वी सिंहभूम को लिखित शिकायत देकर कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव पर उनके पिता श्यामा प्रसाद बेरा के साथ मारपीट करने, झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने और एक लाख रुपये रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है. शिकायत में करण बेरा ने बताया है कि उनके पिता श्यामा प्रसाद बेरा (लगभग 50 वर्ष) हेंसड़ा गांव के निवासी हैं और लंबे समय से शुगर एवं ब्लड प्रेशर के मरीज हैं. उन्होंने कहा है कि स्वास्थ्य खराब रहने के कारण उनके पिता को चलने-फिरने में भी परेशानी होती है और अधिकांश समय घर पर ही रहते हैं.

6 जून की रात का बताया गया मामला

आवेदन के अनुसार 6 जून 2026 की रात लगभग 12 बजे कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव पुलिस बल के साथ उनके घर पहुंचे और उनके पिता पर गांजा कारोबार करने का आरोप लगाते हुए उन्हें थाना चलने के लिए कहा. शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुलिस जबरन उनके पिता को अपने साथ थाना ले गई. करण बेरा ने अपनी शिकायत में कहा है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह अपने भाइयों के साथ रात में कोवाली थाना पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि थाना प्रभारी उनके पिता के साथ मारपीट कर रहे थे.

बेटे ने दर्ज कराई शिकायत

उन्होंने दावा किया है कि मारपीट की आवाज थाना परिसर के बाहर तक सुनाई दे रही थी और उनके पिता दर्द से कराह रहे थे. शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्होंने हस्तक्षेप करने का प्रयास किया तो थाना प्रभारी ने उन्हें अपशब्द कहकर गाली-गलौज की और वहां से भगा दिया. आवेदन में आगे कहा गया है कि अगले दिन सुबह जब वे थाना पहुंचे तो जानकारी मिली कि उनके पिता को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है. अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके पिता को स्लाइन चढ़ाई जा रही थी. शिकायतकर्ता के मुताबिक उनके पिता ने बताया कि थाना प्रभारी ने रातभर उनकी पिटाई की, जिससे उनके पूरे शरीर में दर्द है.

मारपीट के कारण वृद्ध की हालत गंभीर

शिकायत में यह भी कहा गया कि मारपीट के कारण उनका शुगर और ब्लड प्रेशर भी बढ़ गया और उनकी स्थिति गंभीर होने लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पोटका सीएचसी में भर्ती कराया. करण बेरा ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव की ओर से एक लाख रुपये की मांग की जा रही है और रकम नहीं देने पर उनके पिता को झूठे गांजा मामले में जेल भेजने की धमकी दी जा रही है. उन्होंने कहा है कि उनके पिता निर्दोष हैं और उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है.

मुख्यमंत्री और डीजीपी से भी गुहार

उन्होंने यह भी कहा कि पहले से बीमार रहने वाले उनके पिता की हालत थाना प्रभारी की कथित कार्रवाई के बाद और गंभीर हो गई है तथा उन्हें उचित इलाज की आवश्यकता है. शिकायतकर्ता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर कोवाली थाना प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई करने और उनके पिता को राहत दिलाने की मांग की है. इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि झारखंड के मुख्यमंत्री, डीजीपी झारखंड, डीआईजी कोल्हान और डीएसपी मुसाबनी को भी भेजी गई है.

ये भी पढ़ें…

Master athletics: राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली महिला एथलीट हुईं सम्मानित

जमशेदपुर में रसोई गैस 29 रुपये महंगी, अब 981.50 रुपये में मिलेगा सिलेंडर

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola